Chhattisgarh Teacher Recruitment News। छत्तीसगढ़ में स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा 5,000 पदों पर भर्ती का विज्ञापन शीघ्र जारी किया जाएगा। सहायक शिक्षक, शिक्षक, व्याख्याता एवं सहायक शिक्षक विज्ञान (प्रयोगशाला) के पदों पर सीधी भर्ती की प्रक्रिया फरवरी 2026 से प्रारंभ होने जा रही है। इन पदों के लिए परीक्षा आयोजन हेतु छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम) को अधिकृत किया गया है। विभाग द्वारा विज्ञापन जारी करने से संबंधित सभी आवश्यक प्रक्रियाएं पूर्ण कर प्रपत्र व्यापम को उपलब्ध करा दिए गए हैं।
राज्य सरकार के निर्देशों के बाद यह भर्ती राज्य के विभिन्न शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी को दूर करने के उद्देश्य से की जा रही है। विभाग के अनुसार चयन लिखित परीक्षा के माध्यम से किया जाएगा। भर्ती प्रक्रिया से संबंधित विस्तृत दिशा-निर्देश जल्द ही जारी किए जाएंगे।
इस भर्ती के माध्यम से प्रदेश के हजारों युवाओं को सरकारी नौकरी का अवसर मिलेगा। साथ ही शासकीय स्कूलों में शिक्षकों की कमी दूर होने से शिक्षा व्यवस्था को मजबूती मिलने की उम्मीद है। विभिन्न पदों को शामिल किए जाने से अलग-अलग शैक्षणिक योग्यता वाले अभ्यर्थियों को आवेदन का अवसर प्राप्त होगा।
उल्लेखनीय है कि शिक्षक सीधी भर्ती 2023 के अंतर्गत सहायक शिक्षक पद के पांचवें चरण में माननीय न्यायालय के निर्देशानुसार सेवा समाप्त किए गए 2621 बी.एड. अर्हताधारियों के स्थान पर डी.एड. अर्हताधारी अभ्यर्थियों को नियुक्ति का अवसर प्रदान किया जा चुका है। विभाग ने अब नई भर्ती प्रक्रिया शुरू कर शैक्षणिक सत्रों में शिक्षकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

