Chhattisgarh Mahtari Gaurav Varsh रायपुर। छत्तीसगढ़ की महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने नई दिल्ली में केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री अन्नपूर्णा देवी से सौजन्य भेंट कर प्रदेश में संचालित योजनाओं और आगामी कार्ययोजना पर विस्तृत चर्चा की। बैठक के दौरान मंत्री राजवाड़े ने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार ने वर्ष 2026 को ‘महतारी गौरव वर्ष’ के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। इस पहल का उद्देश्य माताओं और बहनों के सम्मान, सुरक्षा, स्वास्थ्य तथा आर्थिक स्वावलंबन को बढ़ावा देना है।
बैठक में मातृशक्ति सशक्तिकरण, पोषण अभियान की प्रगति, बाल संरक्षण सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, आंगनबाड़ी व्यवस्थाओं के उन्नयन और केंद्र प्रायोजित योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन जैसे मुद्दों पर सकारात्मक चर्चा हुई। राज्य में लागू नवाचारों और जमीनी स्तर पर किए जा रहे प्रयासों की जानकारी भी साझा की गई। केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने योजनाओं की प्रभावी मॉनिटरिंग, पात्र हितग्राहियों तक शत-प्रतिशत लाभ पहुंचाने और केंद्र-राज्य समन्वय को मजबूत करने पर जोर दिया।
मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने विश्वास जताया कि केंद्र सरकार के सहयोग और मार्गदर्शन से छत्तीसगढ़ में महिला एवं बाल विकास से जुड़ी योजनाओं को और अधिक सुदृढ़, पारदर्शी और परिणामोन्मुख बनाया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार मातृशक्ति के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है।
Read More : रायपुर में जल संकट गहराया, अमृत मिशन योजना पर नेता प्रतिपक्ष आकाश तिवारी ने उठाए सवाल

