रायपुर। शिक्षा विभाग में भर्ती निकलने का इंतजार कर रहे छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। छत्तीसगढ़ की विष्णुदेव साय सरकार ने प्रदेश में शिक्षकों की कमी को दूर करने के लिए शिक्षक भर्ती का ऐलान किया है। अब इसे लेकर एक बड़ी और अहम अपडेट सामने आई है। साय सरकार इस भर्ती को लेकर प्रक्रिया शुरू करने जा रही है। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री साय के निर्देश के बाद अब नई भर्ती को लेकर विभाग में एक नोटशीट चलाई गई है। कहा ये भी जा रहा है इस भर्ती को लेकर जल्द ही नोटिफिकेशन जारी किया जा सकता है।
दरअसल, मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने सुशासन तिहार के दौरान धमतरी में शिक्षकों की नई भर्ती का ऐलान किया था। इसके अलावा कई और अन्य मौकों पर सरकार से जुड़े लोग शिक्षकों की भर्ती करने की बात कहते रहे हैं। पूरे प्रदेश में चरणबद्ध तरीके से 30 हजार शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। हालांकि पहले चरण में 5,000 पदों पर नियुक्ति होगी। बताया जा रहा है कि पहले चरण में तीन कैटेगिरी के शिक्षकों की भर्ती की जाएगी। इनमें व्याख्याता, शिक्षक और सहायक शिक्षक के पद शामिल होंगे। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री साय के निर्देश के बाद अब नई भर्ती को लेकर विभाग में एक नोटशीट चलाई गई है। चूंकि वर्तमान में शिक्षा विभाग मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के पास है। ऐसे में उनका निर्देश महत्वपूर्ण होता है। शिक्षा विभाग के सूत्रों की मानें तो सब कुछ ठीक रहा तो अगले महीने 15 अगस्त तक परीक्षा कार्यक्रम की घोषणा की जा सकती है।
विभागीय सूत्रों की मानें तो शिक्षा विभाग ने इसके लिए भर्ती परीक्षा आयोजित करने के लिए व्यापमं से बात की है। व्यापमं ने इसके लिए सहमति जताई है। सरकार लेवल पर औपचारिकताएं पूरी होते ही व्यापम परीक्षा कार्यक्रम का ऐलान कर देगा। इसके बाद निर्धारित डेट से आवदेन भरने का काम शुरू हो जाएगा। ऐसे में प्रबल संभावना है कि 15 अगस्त के आसपास प्रदेश में शिक्षक भर्ती का नोटिफिकेशन जारी हो सकता है।