Chhattisgarh Naxalite News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा और बीजापुर जिले की सीमा पर पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में 5 लाख रुपए का इनामी नक्सली मारा गया है। मारे गए नक्सली की पहचान भैरमगढ़ एरिया कमेटी के एसीएम राजेश पुनेम के रूप में हुई है। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक एसएलआर, इंसास रायफल, पिस्टल समेत बड़ी मात्रा में हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की है।
पुलिस के अनुसार 3 मार्च को थाना गीदम क्षेत्र के ग्राम गुमलनार, गिरसापारा और नेलगोड़ा के बीच जंगल-पहाड़ी इलाके में नक्सलियों द्वारा हथियार और सामग्री डंप किए जाने की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर दंतेवाड़ा पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी राहुल कुमार उइके के नेतृत्व में डीआरजी और बस्तर फाइटर्स के जवानों की संयुक्त टीम सर्चिंग के लिए रवाना हुई।
दोपहर करीब 12:30 बजे पुलिस की टीम संदिग्ध इलाके में जंगल-पहाड़ी क्षेत्र में सर्चिंग और घेराबंदी कर रही थी। इसी दौरान रात करीब 8:30 से 9 बजे के बीच पहले से घात लगाकर बैठे भैरमगढ़ एरिया कमेटी के 8 से 10 सशस्त्र नक्सलियों ने पुलिस पार्टी पर हमला कर दिया। इसके बाद दोनों ओर से हुई मुठभेड़ में राजेश पुनेम मारा गया।
मुठभेड़ के बाद इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया गया, जिसमें हथियार और नक्सली सामग्री बरामद की गई है। फिलहाल पुलिस आसपास के क्षेत्रों में सघन तलाशी अभियान चला रही है।

