Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ राज्य लघु वनोपज कर्मचारी कल्याण संघ की वार्षिक आमसभा आयोजित की गई, जिसमें मुख्य अतिथि के रूप में कमल वर्मा, प्रांतीय संयोजक कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन एवं अध्यक्ष छत्तीसगढ़ प्रदेश राजपत्रित उपस्थित रहे। उन्होंने संगठन को सक्रिय बनाए रखने और कर्मचारियों की मांगों को उचित मंच पर प्रस्तुत करने के महत्व पर जोर दिया।
आमसभा में पवन शर्मा (अध्यक्ष, छत्तीसगढ़ तृतीय वर्ग शासकीय कर्मचारी संघ), जी. आर. चंद्रा (प्रांतीय समन्वयक), संतोष वर्मा (संयोजक, नवा रायपुर फेडरेशन), सोनाली तिडके (संयोजक, महिला प्रकोष्ठ, नवा रायपुर फेडरेशन) एवं पीतांबर पटेल (संयोजक, जिला रायपुर फेडरेशन) की गरिमामय उपस्थिति रही। सभी अतिथियों ने कर्मचारियों की एकता और संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया।
प्रांतीय संयोजक श्री कमल वर्मा ने अपने उद्बोधन में संघ कर्मचारियों की सराहना की, जिन्होंने 29, 30 एवं 31 दिसंबर 2025 को 11 सूत्रीय मांगों के समर्थन में आयोजित हड़ताल में विपरीत परिस्थितियों के बावजूद कर्मचारी-अधिकारी फेडरेशन को पूर्ण समर्थन दिया। उन्होंने आश्वासन दिया कि वे भविष्य में भी कर्मचारी हितों के लिए सहयोग करेंगे।
आमसभा की कार्यवाही लघु वनोपज कर्मचारी कल्याण संघ के प्रांताध्यक्ष श्री मनोज सोनी की अध्यक्षता में संपन्न हुई। इसमें आय-व्यय पत्र का अनुमोदन, कर्मचारी हितों से संबंधित विषयों पर प्रबंध संचालक एवं शासन को मांगपत्र सौंपने, और संगठन के विस्तार एवं मजबूती पर सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया।
शासन-प्रशासन के समक्ष प्रमुख मुद्दों सेटअप पुनरीक्षण, पदोन्नति चैनल की स्वीकृति, संविदा कर्मचारियों की नियुक्ति रोकने और विभाग में प्रतिनियुक्तियों को समाप्त करने को अनुमोदित किया गया।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संघ मुख्यालय, वृत्त कार्यालय और जिला यूनियनों के समस्त कर्मचारियों का विशेष योगदान रहा।

