Liquor Scam of Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ की सियासत एक बार फिर शराब घोटाले के आरोपों से गर्म हो गई है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो साझा करते हुए राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। बघेल के अनुसार, प्रदेश में एक “शराब सिंडिकेट” बनाकर सस्ती बियर पर महंगे ब्रांड का स्टिकर लगाकर उसे शराब दुकानों में बेचा जा रहा है।
भूपेश बघेल ने कहा कि यह कथित घोटाला राजनांदगांव से शुरू हुआ है, जहां लंबे समय तक मंत्री विजय शर्मा प्रभारी रहे हैं। वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि बियर के कैन पर एक कंपनी का स्टिकर चिपकाया गया है, जबकि अंदर का उत्पाद किसी अन्य कंपनी का है।
पूर्व मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि यह पूरा खेल कमीशन, सेटिंग और संरक्षण के सहारे चलाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि ब्रांड बदलकर शराब बेचने से करोड़ों रुपये का अवैध कारोबार किया जा रहा है। इसके साथ ही बघेल ने सरकार की अफीम, शराब और नव्या मलिक जैसे मामलों पर चुप्पी पर सवाल उठाए।
भूपेश बघेल ने सीधे मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से सवाल किया कि सरकार इस मामले पर कब तक चुप रहेगी। उनके अनुसार मुख्यमंत्री और गृहमंत्री की खामोशी इस पूरे मामले को और संदिग्ध बना रही है।
वहीं, भाजपा प्रवक्ता राजीव चक्रवर्ती ने बघेल पर पलटवार किया। उन्होंने कहा कि भूपेश बघेल किस मुंह से आरोप लगा रहे हैं, जब उनकी ही सरकार में छत्तीसगढ़ का सबसे बड़ा शराब घोटाला हुआ था। इस घोटाले में बघेल के बेटे समेत उनके आबकारी मंत्री भी शामिल थे।

