Chhattisgarh Latest News: बैगा परिवारों को आवास दिलाने के नाम पर रकम लेने का आरोप, चिल्फी और तरेगांव जंगल थाने में दो मामले दर्ज

Chhattisgarh Latest News: बैगा परिवारों को आवास दिलाने के नाम पर रकम लेने का आरोप, चिल्फी और तरेगांव जंगल थाने में दो मामले दर्ज

Chhattisgarh Latest News: कबीरधाम। प्रधानमंत्री जनमन आवास योजना के तहत बैगा जनजाति के हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर राशि लेने और मकान नहीं बनाने की शिकायतों पर दो ठेकेदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। दोनों मामलों में कुल 9 हितग्राहियों से 5 लाख 9 हजार रुपये लेने की शिकायत सामने आई है। उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मामले पर सख्त रुख अपनाते हुए कहा है कि गरीबों के आवास निर्माण में अनियमितता, लापरवाही और हितग्राहियों के हक की राशि का दुरुपयोग बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने की महत्वपूर्ण योजना है। विशेष रूप से दूरस्थ वनांचलों में रहने वाले विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों को सुरक्षित और सम्मानजनक आवास देना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आवास निर्माण के लिए स्वीकृत राशि पर हितग्राहियों का अधिकार है और इसके दुरुपयोग की शिकायतों पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

कबीरधाम जिले के बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत राजाढ़ार में पांच हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर 3 लाख 20 हजार रुपये लेने और निर्माण कार्य नहीं करने की शिकायत पर ठेकेदार कुमार मेरावी के खिलाफ कार्रवाई की गई है। पुलिस ने 14 अक्टूबर 2026 को थाना चिल्फी में भारतीय न्याय संहिता, 2023 की धारा 318(4) के तहत एफआईआर दर्ज की।

शिकायत के अनुसार, ग्राम राजाढ़ार निवासी देवसिंह से 60 हजार रुपये, मंधोर बाई से 60 हजार रुपये, पुसीया बाई से 60 हजार रुपये, कौशिल्या बाई से 80 हजार रुपये और ननकी बाई से 60 हजार रुपये लिए गए थे। आरोप है कि करीब डेढ़ साल बीतने के बाद भी आवासों का निर्माण नहीं कराया गया और न ही हितग्राहियों की राशि लौटाई गई। इसके बाद हितग्राहियों ने लिखित शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर मामला दर्ज किया गया।

इसी तरह बोड़ला विकासखंड की ग्राम पंचायत आमानारा में चार हितग्राहियों से आवास निर्माण के नाम पर राशि लेने की शिकायत पर ठेकेदार तुमेश गोड़ के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने 13 अक्टूबर 2026 को थाना तरेगांव जंगल में अपराध दर्ज किया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, बैसाखू बैगा से 64 हजार रुपये, सुकोर बाई से 60 हजार रुपये, सोनिया बाई से 45 हजार रुपये और रनो बाई से 20 हजार रुपये लेने की शिकायत की गई है। इस मामले में कुल 1 लाख 89 हजार रुपये की राशि का उल्लेख है। शिकायत के आधार पर थाना तरेगांव जंगल में अपराध क्रमांक 420 के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।

उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना केवल मकान बनाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह गरीब परिवारों को सुरक्षा, सम्मान और स्थायित्व देने का माध्यम है। प्रधानमंत्री जनमन योजना के तहत विशेष पिछड़ी जनजाति के परिवारों के आवास निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। ऐसे में हितग्राहियों को बहला-फुसलाकर उनकी आवास राशि का दुरुपयोग करना गंभीर मामला है।

उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य पात्र परिवारों को समय पर पक्का आवास उपलब्ध कराना है। निर्माण कार्यों में लापरवाही, अनियमितता या हितग्राहियों के शोषण की शिकायत मिलने पर संबंधित लोगों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। गरीबों के अधिकारों की रक्षा और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।


Related Articles