Chhattisgarh Durg Patan News: पाटन: पाटन सर्किल कोसरिया यादव समाज तहसील पाटन का वार्षिक अधिवेशन अमलेश्वर में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ भगवान श्रीकृष्ण की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि दुर्ग लोकसभा सांसद Vijay Baghel रहे, जबकि अध्यक्षता कोसरिया यादव महासभा के अध्यक्ष बोधन यादव ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में श्रीमती नीलम राजेश चंद्राकर (सभापति जिला पंचायत), कमलेश चंद्राकर (भाजपा मंडल अध्यक्ष अमलेश्वर), दयानंद सोनकर (अध्यक्ष नगर पालिका अमलेश्वर), कैलाश यादव (भाजपा महामंत्री), बोधन राम यादव (जिला अध्यक्ष) और हरिश यादव (जिला उपाध्यक्ष) सहित समाज के अनेक पदाधिकारी मंचासीन रहे।
मुख्य अतिथि विजय बघेल का पारंपरिक खुमड़ी गजमाला एवं स्मृति चिन्ह भेंटकर आत्मीय स्वागत किया गया। राउत नाचा की मनमोहक प्रस्तुति के माध्यम से अतिथियों का अभिनंदन किया गया, जिसने कार्यक्रम में सांस्कृतिक गरिमा जोड़ी।
अपने उद्बोधन में सांसद विजय बघेल ने कहा कि समाज की निरंतर प्रगति के लिए एकता और संगठन सबसे बड़ी शक्ति है। उन्होंने कहा कि होली जैसे सतरंगी त्योहार प्रेम, भाईचारा और समरसता का संदेश देते हैं। महिलाओं की बड़ी संख्या में उपस्थिति को उन्होंने समाज की जागरूकता और सशक्त भागीदारी का प्रतीक बताया।
अधिवेशन में समाज की एकजुटता, संगठन विस्तार और आगामी गतिविधियों पर विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम में यादव समाज के सैकड़ों पदाधिकारी, कार्यकर्ता और ग्रामवासी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

