Chhattisgarh Housing Board Projects रायपुर। छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल ने आज अपना 22वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। राज्य गठन के बाद 12 फरवरी 2004 को मंडल का पुनर्गठन किया गया था। पुनर्गठन के बाद से अब तक मंडल द्वारा निर्मित लगभग एक लाख आवासों एवं संपत्तियों में से करीब 75 प्रतिशत आवास कमजोर एवं निम्न आय वर्ग के हितग्राहियों के लिए तैयार किए गए हैं।
स्थापना दिवस के अवसर पर मंडल अध्यक्ष अनुराग सिंह देव और आयुक्त अवनीश शरण ने सभी शाखाओं के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समीक्षा बैठक ली। अध्यक्ष सिंह देव ने हाउसिंग बोर्ड परिवार को शुभकामनाएं देते हुए किफायती दरों पर गुणवत्तापूर्ण आवास उपलब्ध कराने की प्रतिबद्धता दोहराई। उन्होंने सभी संचालित योजनाओं की विस्तृत समीक्षा करते हुए उनके प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन के निर्देश दिए और “रिव्यू, रिफॉर्म और रिवोल्यूशन” की कार्यसंस्कृति अपनाने पर बल दिया।
अध्यक्ष ने बताया कि वर्षों से रिक्त पड़ी संपत्तियों में से 70 प्रतिशत का विक्रय किया जा चुका है। शेष 30 प्रतिशत संपत्तियों के शीघ्र विक्रय के लिए नई नीति तैयार करने के निर्देश दिए गए हैं, जिसमें मरम्मत और आवश्यक सुधार कार्य भी शामिल होंगे। विकसित कॉलोनियों में अनुपयोगी या अतिरिक्त रूप से आबंटित किए जा सकने वाले भूखंडों के त्वरित निराकरण के भी निर्देश दिए गए।
नई आवासीय योजनाओं के तहत विक्रय किए जा रहे मकानों की साइट पर टिन शेड कार्यालय स्थापित करने के निर्देश दिए गए, जहां परियोजना से संबंधित जानकारी और ब्रोशर उपलब्ध रहेंगे। मंडल द्वारा हाल ही में 2060 करोड़ रुपये की नई आवासीय योजनाओं का शुभारंभ किया गया है। वर्ष 2025 में 1023.70 करोड़ रुपये की संपत्तियों का विक्रय कर नया कीर्तिमान स्थापित किया गया, जबकि चालू वर्ष के मात्र 40 दिनों में लगभग 200 करोड़ रुपये की संपत्तियां बेची जा चुकी हैं।
आयुक्त अवनीश शरण ने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करने पर जोर दिया तथा सभी शाखाओं को बेहतर समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। आवास एवं पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने स्थापना दिवस के अवसर पर कार्यों की समीक्षा को सकारात्मक पहल बताते हुए अध्यक्ष, आयुक्त और पूरी टीम को बधाई दी। समीक्षा बैठक में तकनीकी, विद्युत, लेखा, प्रशासन, संपदा, वास्तु, मार्केटिंग और आईटी शाखाओं के कार्यों की विस्तार से समीक्षा की गई। इस अवसर पर अपर आयुक्त सहित मंडल के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Read More : दुर्ग में घर में घुसकर लोहे की रॉड से हमला, पिता और दो बेटियां गंभीर घायल, पुलिस गिरफ्त में नाबालिग आरोपी

