छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में सिटी गैस परियोजना का किया शुभारंभ, अब घरों और उद्योगों को पाइपलाइन से मिलेगी सस्ती गैस

छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने रायपुर में सिटी गैस परियोजना का किया शुभारंभ, अब घरों और उद्योगों को पाइपलाइन से मिलेगी सस्ती गैस

Chhattisgarh Raipur News: रायपुर: छत्तीसगढ़ में अब मेट्रो शहरों की तरह घरों की रसोई तक पाइपलाइन के जरिए सीधे गैस पहुंचेगी। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने शुक्रवार को राजधानी रायपुर के एक निजी होटल में आयोजित एक कार्यक्रम में ‘सिटी गैस अवसंरचना परियोजना’ का शुभारंभ किया। इस महत्वपूर्ण पहल से रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिले के लाखों घरेलू उपभोक्ताओं को सिलेंडर भरवाने की झंझट से छुटकारा मिल जाएगा।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने सीएनजी (CNG) युक्त वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने रायपुर नगर निगम की पहली पाइपलाइन गैस उपभोक्ता, पूनम चौबे से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संवाद भी किया और इस सुविधा के बारे में जानकारी ली।

घरेलू और व्यावसायिक उपयोग में आसानी


मुख्यमंत्री साय ने कहा कि इस परियोजना के माध्यम से घरेलू पाइप्ड नेचुरल गैस (DPNG) घरों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों तक पहुंचेगी, जिससे न केवल सुविधा बढ़ेगी बल्कि सुरक्षा में भी इजाफा होगा। उन्होंने कहा, “सस्ती और सुलभ ऊर्जा मिलने से उद्योग क्षेत्र को भी गति मिलेगी तथा प्रदेश में निवेश की संभावनाएं और सशक्त होंगी।” सरकार का लक्ष्य शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विश्वस्तरीय सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने एचसीजी समूह को इस परियोजना के लिए बधाई दी और उम्मीद जताई कि वे जल्द ही रायपुर, बलौदाबाजार और गरियाबंद जिले में सीएनजी स्टेशनों का एक व्यापक नेटवर्क विकसित करेंगे।

प्रदूषण में कमी और ईंधन खर्च में राहत

वाहनों में सीएनजी के उपयोग के फायदों पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इससे प्रदूषण में बड़ी कमी आएगी और आम नागरिकों के ईंधन खर्च में भी काफी राहत मिलेगी। उन्होंने कहा कि हाल ही में प्रस्तुत राज्य के बजट में अधोसंरचना विकास के लिए महत्वपूर्ण प्रावधान किए गए हैं, और यह परियोजना उसी दिशा में एक बड़ा कदम है।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की कि वे स्वच्छ ईंधन अपनाकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें और एक हरित, विकसित एवं आत्मनिर्भर छत्तीसगढ़ के निर्माण में अपना योगदान दें। इस परियोजना के तहत घरेलू उपयोग के लिए पीएनजी (PNG) और वाहनों के लिए सीएनजी (CNG) दोनों उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यक्रम में एचसीजी समूह के प्रबंध निदेशक राहुल चोपड़ा, निदेशक राजीव माथुर, अध्यक्ष दीपक सावंत, राकेश रंजन और गेल इंडिया के प्रतिनिधि सहित उद्योग जगत के कई लोग उपस्थित रहे।


Related Articles