Chhattisgarh Budget 2026: रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में वित्त मंत्री ओपी चौधरी ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 1 लाख 72 हजार करोड़ रुपये का बजट पेश किया। ‘ज्ञान’ और ‘गति’ के बाद इस बार बजट की थीम ‘संकल्प’ रखी गई है। सरकार ने इस बजट में कृषि, महिला सशक्तिकरण, उद्योग और शहरी विकास को प्राथमिकता दी है।
किसानों को ब्याज मुक्त कर्ज
बजट में किसानों को ब्याज मुक्त ऋण उपलब्ध कराने की घोषणा की गई है, जिससे कृषि क्षेत्र को मजबूती और किसानों को राहत मिलेगी।
18 साल की बालिकाओं को डेढ़ लाख
सरकार ने घोषणा की है कि 18 वर्ष पूर्ण करने पर बालिकाओं को 1.5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसे बेटियों की शिक्षा और सशक्तिकरण की दिशा में बड़ा कदम माना जा रहा है।
23 नए उद्योग खुलेंगे
प्रदेश में 23 नए उद्योग स्थापित किए जाएंगे, जिससे निवेश और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
लाइब्रेरी और शहरी विकास
प्रदेश में 5 नालंदा लाइब्रेरी स्थापित करने के लिए 22 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
मुख्यमंत्री आदर्श शहर समृद्धि योजना लागू की जाएगी, जिसके लिए 200 करोड़ रुपये का बजट रखा गया है।
स्वास्थ्य के लिए 1500 करोड़
शहीद वीरनारायण सिंह आयुष्मान योजना के तहत सरकारी और निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक के मुफ्त इलाज के लिए 1,500 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है।
सरकार का कहना है कि ‘संकल्प’ बजट प्रदेश में समावेशी विकास, सामाजिक सुरक्षा और आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।

