सूरजपुर के सुंदरगंज में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल, ग्रामीणों ने किया पथराव, 18 लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज

सूरजपुर के सुंदरगंज में अतिक्रमण हटाने के दौरान बवाल, ग्रामीणों ने किया पथराव, 18 लोगों पर गंभीर धाराओं में केस दर्ज

Surajpur News सूरजपुर। लटोरी तहसील अंतर्गत ग्राम सुंदरगंज में शासकीय भूमि पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई के दौरान बवाल हो गया। प्रशासन की मौजूदगी में चल रही इस कार्रवाई के दौरान पथराव और झूमाझटकी की घटना में चार लोग घायल हो गए। मामले में 18 लोगों के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध किया गया है।

जानकारी के अनुसार, शासकीय भूमि खसरा नंबर 35, 255 और 552 पर स्थानीय लोगों द्वारा अवैध अतिक्रमण किया गया था। ग्राम पंचायत सुंदरगंज के सरपंच और ग्राम समिति द्वारा एसडीएम सूरजपुर सहित राजस्व एवं पुलिस अधिकारियों की उपस्थिति में अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की गई।

कार्रवाई के दौरान कुछ ग्रामीणों और अतिक्रमणकारियों ने विरोध करते हुए सरपंच एवं ग्राम समिति के सदस्यों के साथ झूमाझटकी की तथा जेसीबी मशीन पर पथराव शुरू कर दिया। पथराव के दौरान रास्ते में खड़ी पुलिस वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गई। विवाद के दौरान चार लोगों को चोटें आई हैं।

लटोरी तहसीलदार सुरेंद्र कुमार पैंकरा की रिपोर्ट पर चौकी लटोरी, थाना जयनगर में अपराध क्रमांक 50/26 दर्ज किया गया है। प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता की धारा 191(2), 191(3), 190, 324(3), 221 तथा लोक संपत्ति नुकसान निवारण अधिनियम 1984 की धारा 3 के तहत 18 लोगों के खिलाफ मामला पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Read More : मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े ने केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर से की मुलाकात, महिला-बाल कल्याण योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा


Related Articles