Weather Update: बदला मौसम का मिजाज: तेज बारिश और हवाओं से गर्मी से राहत, कई इलाकों में छाए काले बादल

Weather Update: बदला मौसम का मिजाज: तेज बारिश और हवाओं से गर्मी से राहत, कई इलाकों में छाए काले बादल

Weather Latest News Today: नई दिल्ली। दिल्ली-एनसीआर में बीते कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच शनिवार को मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह तेज धूप निकलने के बाद कुछ ही देर में आसमान में काले बादल छा गए और कई इलाकों में बारिश शुरू हो गई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं, जिससे लोगों को तपती गर्मी से बड़ी राहत मिली।

मौसम विभाग ने पहले ही तेज हवाओं और बारिश की संभावना जताई थी। बारिश के बाद राजधानी और आसपास के इलाकों के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। पिछले कई दिनों से दिल्ली का तापमान 43 डिग्री सेल्सियस से ऊपर बना हुआ था, जिससे लोगों का जनजीवन प्रभावित हो रहा था।

शुक्रवार को 44 डिग्री के पार पहुंचा था तापमान

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, शुक्रवार को पंजाब, हरियाणा और दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों में लू जैसे हालात बने रहे। राजधानी दिल्ली के प्रमुख मौसम केंद्र सफदरजंग में अधिकतम तापमान 43.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 3.1 डिग्री अधिक था। वहीं न्यूनतम तापमान 29.3 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

अलग-अलग इलाकों में ऐसा रहा तापमान

शुक्रवार को दिल्ली के विभिन्न इलाकों में तापमान काफी ऊंचा दर्ज किया गया। पालम में अधिकतम तापमान 43.2 डिग्री सेल्सियस, लोधी रोड में 43.4 डिग्री सेल्सियस, रिज क्षेत्र में 44.4 डिग्री सेल्सियस और आयानगर में 43.5 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

जून की शुरुआत में और राहत के आसार

स्काइमेट वेदर के मौसम विशेषज्ञ महेश पलावत ने कहा कि जून की शुरुआत से मानसून पूर्व गतिविधियां शुरू होने की संभावना है। इससे दिल्ली-एनसीआर समेत उत्तर भारत के कई हिस्सों में लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है। बारिश और तेज हवाओं के बाद शनिवार को मौसम सुहावना हो गया, जिससे लोगों ने राहत की सांस ली।


Related Articles