Chhattisgarh News: पाटन। चंद्रनाहू कुर्मी क्षत्रिय चंद्राकर समाज की एकता, संगठन और गौरव को सशक्त बनाने के उद्देश्य से 5 अप्रैल, रविवार को जामगांव एम में 56वां विशाल महाअधिवेशन आयोजित किया जा रहा है।
उपक्षेत्र जामगांव एम के अध्यक्ष लोकमनी चंद्राकर ने जानकारी देते हुए बताया कि महाअधिवेशन दो सत्रों में आयोजित होगा। प्रथम सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में छत्तीसगढ़ शासन के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा उपस्थित रहेंगे। कार्यक्रम की अध्यक्षता दुर्गराज के अध्यक्ष प्रदीप चंद्राकर करेंगे, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में दुर्ग सांसद विजय बघेल, पिछड़ा वर्ग आयोग छत्तीसगढ़ के उपाध्यक्ष एवं विधायक ललित चंद्राकर सहित अन्य गणमान्य अतिथि शामिल होंगे।
द्वितीय सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पूर्व मुख्यमंत्री एवं पाटन विधायक भूपेश बघेल की उपस्थिति रहेगी। इस सत्र की अध्यक्षता भी प्रदीप चंद्राकर करेंगे, वहीं अन्य सामाजिक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि भी कार्यक्रम में शामिल होंगे।
लोकमनी चंद्राकर ने बताया कि यह महाअधिवेशन समाज के संगठन, शिक्षा, युवा सशक्तिकरण, महिला उत्थान एवं आर्थिक उन्नति जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर केंद्रित रहेगा। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज को मुख्यधारा से जोड़ना, महिला, युवा, किसान एवं व्यापारी वर्ग की सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करना तथा सामाजिक एकता को और मजबूत करना है।
उन्होंने समाज के सभी लोगों से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की है।

