जांजगीर-चांपा। छत्तीसगढ़ में शिक्षा सत्र शुरू होने के बाद से ही सरकारी स्कूल के टीचर्स के वीडियो काफी वायरल हुए है। कभी टीचर्स नशे में स्कूल पहुंचते हैं तो कभी स्कूलों में समुचित व्यवस्था नहीं होती है। इस कड़ी में अब एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां शिक्षक के द्वारा विद्यार्थियों को पढ़ाना छोड़ क्लास में धान की सफ़ाई कराई जा रही थी।
इस दौरान अध्यक्ष शिक्षा स्थाई समिति के द्वारा स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे तब मामला उजागर हुआ। क्लासरूम का वीडियो भी बनाया गया और सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। यह वीडियो जांजगीर-चांपा जिले के एक सरकारी स्कूल का बताया जा रहा है। पूरे घटनाक्रम का पंचनामा बना उच्चाधिकारियों को प्रेषित किया गया है।
ये है पूरा मामला
दरअसल, बम्हनीडीह विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला सिलादेही में जिला पंचायत के स्थाई समिति शिक्षा के अध्यक्ष गगन जयपुरिया आकस्मिक निरीक्षण पर पहुंचे थे। इसी दौरान चौथी और पांचवी क्लास में सहायक शिक्षक एलबी गोपी कुमार तिवारी उपस्थित थे। उनकी उपस्थिति में बच्चे धान में से करगा यानी धान के खराब दाने चुन रहे थे। इतना ही नहीं मास्साब भी खुद क्लास में बैठकर करगा चुन रहे थे। बच्चों ने बताया कि सर घर से धान लेकर आए थे और उन्हें करगा चुनने को कहा था।
घटना वीडियो बनाने पर शिक्षक गोपी कुमार तिवारी वीडियो बनाने से मना कर रहे हैं और हाथ जोड़ते हुए दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में शिक्षक कह रहा है कि अब के बाद ऐसा नहीं होगा प्लीज वीडियो बंद कर दीजिए। स्थाई शिक्षा समिति के अध्यक्ष जब दूसरे क्लास में निरीक्षण करने गए तब भी शिक्षक उनके पीछे पीछे घूमते रहे।
बता दें कि, शासकीय प्राथमिक शाला सिलादेही में कुल तीन शिक्षक हैं।जिनमें से एक अर्जित अवकाश पर थे, जबकि दो शिक्षक उपस्थित थे जिसमें गोपी कुमार तिवारी स्वयं भी शामिल है। स्कूल के प्रधान पाठक और एक अन्य शिक्षक को बुलवाकर पंचनामा तैयार किया गया है, जिसे उच्च अधिकारियों को कार्यवाही हेतु प्रेषित किया गया है।