रायपुर। छत्तीसगढ़ में शिक्षक भर्ती को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। राज्य सरकार ने शिक्षकों के पदों की संख्या बढ़ाने का फैसला लिया है। अब प्रदेश में करीब 5,000 नए शिक्षकों की भर्ती की जाएगी, जिससे हजारों युवाओं को रोजगार मिलने की उम्मीद है।
दरअसल, 28 अक्टूबर 2025 को राज्य सरकार द्वारा शिक्षक भर्ती को लेकर आदेश जारी किया गया था, जिसमें 4708 पदों पर भर्ती को मंजूरी दी गई थी। अब इसी आदेश में संशोधन करते हुए 292 अतिरिक्त सहायक शिक्षक पद शामिल किए गए हैं। इसके बाद कुल पदों की संख्या लगभग 5 हजार हो गई है।
सीएम साय ने दिए थे तत्काल भर्ती के निर्देश
बीते दिनों मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने शिक्षा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान शिक्षकों के 5000 पदों पर जल्द भर्ती के निर्देश दिए थे। उन्होंने अधिकारियों से कहा था कि इस भर्ती प्रक्रिया को लेकर फरवरी तक विज्ञापन जारी किया जाए, ताकि नियुक्ति प्रक्रिया समय पर पूरी हो सके।
तीन साल बाद निकलेगी शिक्षक भर्ती
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ में करीब 3 साल बाद शिक्षक भर्ती होने जा रही है। पिछली सरकार के कार्यकाल में 14 हजार पदों की घोषणा की गई थी, लेकिन उनमें से केवल करीब 10 हजार शिक्षकों की ही नियुक्ति हो पाई थी। ऐसे में नई भर्ती को लेकर अभ्यर्थियों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
उम्मीदवार तेज कर दें परीक्षा की तैयारी
जो उम्मीदवार लंबे समय से शिक्षक भर्ती परीक्षा का इंतजार और उसकी तैयारी कर रहे थे, उन्हें अब अपनी तैयारियों को और तेज कर देना चाहिए। उम्मीदवार पिछली भर्ती परीक्षा के प्रश्न पत्रों को देखें और उन्हें सॉल्व करने की कोशिश करें। दरअसल, 5000 पदों पर अगर भर्ती निकलती है, तो आवेदन की संख्या भी लाखों में जाएगी और ऐसे में परीक्षा भी काफी मुश्किल हो सकती है, ताकि परीक्षा के अगले चरण से पहले अयोग्य उम्मीदवारों को छांटा जा सके।
Read More : छत्तीसगढ़ के किसानों को बड़ी राहत, धान खरीदी की तारीख बढ़ी, अब इस दिन तक धान बेच पाएंगे किसान

