CG Surajpur News: सूरजपुर। छत्तीसगढ़ के सूरजपुर में बुधवार, 18 फरवरी 2026 को पुलिस ने मादक पदार्थों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 65 लाख रुपये मूल्य के नशीले पदार्थों को नष्ट किया। यह कार्रवाई पुलिस लाइन परिसर में बनाए गए अस्थायी भट्ठे में जिला स्तरीय औषधि निपटान समिति की देखरेख में की गई।
20 प्रकरणों के जब्त मादक पदार्थ नष्ट
एनडीपीएस एक्ट के 20 प्रकरणों में जब्त कुल 101.74 किलोग्राम गांजा, 753 नग गांजा के पौधे, 103 टेबलेट, 778 इंजेक्शन, 98 कफ सिरप और 5920 कैप्सूल को नष्ट किया गया। नष्ट किए गए मादक पदार्थों की अनुमानित कीमत लगभग 65 लाख रुपये बताई गई है।
शासन के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई
डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने बताया कि यह कार्रवाई केंद्र सरकार के वित्त मंत्रालय की 23 दिसंबर 2022 की अधिसूचना तथा राज्य शासन के 21 नवंबर 2024 के निर्देशों के अनुरूप की गई। नष्टीकरण की प्रक्रिया उनकी अध्यक्षता में संपन्न हुई।
इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रितेश चौधरी, जिला आबकारी अधिकारी अनिल मित्तल, पर्यावरण संरक्षण मंडल के क्षेत्रीय अधिकारी, वन विभाग के प्रतिनिधि सहित पुलिस अधिकारी व कर्मचारी उपस्थित रहे।
नशे के खिलाफ सख्त रुख
जिला पुलिस ने स्पष्ट किया कि युवाओं और नागरिकों को नशे से बचाने के लिए भविष्य में भी मादक पदार्थों की तस्करी के विरुद्ध सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस की इस कार्रवाई को नशामुक्त समाज की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

