CG Balodabazar Road Accident बलौदाबाजार में बुधवार सुबह करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसे में दो पुलिस आरक्षकों की मौत हो गई। थाना हथबंद क्षेत्र के उडेला–पौसरी मार्ग पर तेज रफ्तार ट्रेलर ने पीछे से बाइक सवार दो आरक्षकों को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि एक आरक्षक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरे ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया।
जानकारी के अनुसार, दोनों आरक्षक ड्यूटी के सिलसिले में एक ही मोटरसाइकिल से बलौदाबाजार की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद मोटरसाइकिल बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और दोनों जवान सड़क पर दूर जा गिरे।
मृतकों की पहचान आरक्षक धर्मेंद्र यादव (क्रमांक 377) और आरक्षक प्रशांतधर दीवान (क्रमांक 809) के रूप में हुई है। धर्मेंद्र यादव वर्तमान में साइबर सेल में पदस्थ थे और ग्राम परसबोड़, थाना साजा, जिला बेमेतरा के निवासी थे। वहीं, प्रशांतधर दीवान थाना हथबंद में पदस्थ थे और नवागढ़, थाना नवागढ़, जिला बेमेतरा के रहने वाले थे।
हादसे में धर्मेंद्र यादव की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल प्रशांतधर दीवान को प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया, लेकिन एंबुलेंस से रायपुर ले जाते समय धरसींवा के पास उन्होंने भी दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर वाहन को जब्त कर लिया है तथा आगे की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और लापरवाही मानी जा रही है, हालांकि पुलिस अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।
इस दुखद घटना से पुलिस विभाग में शोक की लहर है। दोनों आरक्षकों के असामयिक निधन से उनके परिवारों पर गहरा दुख छा गया है। विभागीय अधिकारियों, सहकर्मियों और क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए गहरा शोक व्यक्त किया है।

