धमतरी। जिले में रविवार को तीन अलग-अलग सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि पांच अन्य लोग घायल हुए। ये घटनाएं मगरलोड, अर्जुनी थाना क्षेत्रों और अन्य स्थानों पर हुईं। पुलिस सभी मामलों की जांच में जुटी हुई है।
हादसा 1: बाइक-स्कूटी और कार की भिड़ंत
पहली घटना मगरलोड थाना क्षेत्र के ग्राम भरदा मोड़ के पास हुई। यहां बाइक, स्कूटी और हरियाणा पासिंग कार की भिड़ंत में परसवानी निवासी देव कुमार यादव (45) की मौके पर ही मौत हो गई।
इस हादसे में मस्तराम पटेल (परसवानी) और राधेलाल साहू (खैरझिटी) गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया। मगरलोड पुलिस मामले की जांच कर रही है।
हादसा 2: अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर
दूसरी घटना अर्जुनी थाना क्षेत्र के देमार पास हुई। ग्राम पीपरछेड़ी निवासी नीलमणि हरदेल अपने घर लौट रहे थे, तभी किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि नीलमणि हरदेल की मौके पर ही मौत हो गई। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। मृतक का पोस्टमॉर्टम कर शव परिजनों को सौंप दिया गया।
हादसा 3: ई-रिक्शा पलटा
तीसरी घटना रुद्री रोड के पास हुई, जहां ई-रिक्शा अनियंत्रित होकर पलट गया। ई-रिक्शा में सवार एक बुजुर्ग महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, वहीं बच्चों सहित कुल तीन लोग भी घायल हुए।
घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। ई-रिक्शा में कुल पांच लोग सवार थे। पुलिस ने सभी मामलों में जांच शुरू कर दी है और जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की प्रक्रिया में है।

