CG Pendra News: पेंड्रा। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के चर्चित कोटमीकला सराफा व्यापारी हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने हत्या और लूटकांड से जुड़े चांदी के आभूषण खरीदने वाले झारखंड निवासी आरोपी विजय पोद्दार को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से 1157 ग्राम चांदी बरामद की गई है। इस कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार आरोपियों की संख्या बढ़कर आठ हो गई है।
जानकारी के अनुसार, 26 मई को कोटमीकला साप्ताहिक हाट बाजार में सराफा व्यापारी प्रदीप सोनी की लूटपाट के दौरान गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। इस सनसनीखेज वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच शुरू की थी।
तकनीकी साक्ष्यों से खुला राज
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज, मुखबिरों की सूचना और गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर पहले ही सात आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। पूछताछ में खुलासा हुआ कि मुख्य आरोपी मनीष मंडल ने लूटे गए चांदी के आभूषण झारखंड के मोहनपुर क्षेत्र निवासी विजय पोद्दार को बेच दिए थे।
बिहार-झारखंड पहुंची पुलिस टीम
प्रभारी पुलिस अधीक्षक अविनाश मिश्रा के निर्देशन में गठित विशेष टीम बिहार और झारखंड रवाना हुई। पुलिस ने घाघरा मोड़, मोहनपुर (झारखंड) में दबिश देकर विजय पोद्दार को गिरफ्तार किया। तलाशी के दौरान उसके पास से 957 ग्राम पिघली हुई चांदी और 194 ग्राम वजन की तीन जोड़ी चांदी की पायल बरामद की गई। कुल मिलाकर 1157 ग्राम चांदी जब्त की गई है।
न्यायिक अभिरक्षा में भेजा गया आरोपी
पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की जांच अभी भी जारी है और लूटकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की गहन पड़ताल की जा रही है।
पहले गिरफ्तार हो चुके हैं सात आरोपी
इस मामले में इससे पहले खुशीराम साहू, राजाराम साहू, गया प्रसाद रजक, मनीष मंडल उर्फ राहुल, सुजीत कुमार उर्फ सरगुन कुमार, संतोष कुमार दास और श्रेयांश शुक्ला को गिरफ्तार किया जा चुका है। पुलिस का दावा है कि पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगाला जा रहा है और अपराध में शामिल किसी भी आरोपी को बख्शा नहीं जाएगा।
व्यापारियों में बढ़ी सुरक्षा की मांग
प्रदीप सोनी हत्याकांड के बाद क्षेत्र के सराफा व्यापारियों में भय का माहौल है। व्यापारियों ने बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले में जल्द ही और महत्वपूर्ण खुलासे हो सकते हैं।

