CG Patan News: पाटन में ‘उल्लास’ साक्षरता अभियान का महापर्व, 3200 नव-साक्षरों ने दी परीक्षा

CG Patan News: पाटन में ‘उल्लास’ साक्षरता अभियान का महापर्व, 3200 नव-साक्षरों ने दी परीक्षा

CG Patan News: पाटन। छत्तीसगढ़ के पाटन विकासखंड में उल्लास के तहत बुनियादी साक्षरता मूल्यांकन परीक्षा का सफल आयोजन किया गया। 22 मार्च को आयोजित इस महा-अभियान में लगभग 3,200 नव-साक्षरों ने भाग लेकर शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बढ़ाया।

परीक्षा की पारदर्शिता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए जिला साक्षरता मिशन दुर्ग की डॉ. पुष्पा पुरुषोत्तमन और सहायक नोडल अधिकारी शेफाली सोनी ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान प्राथमिक शाला गोडपेण्ड्री, प्राथमिक शाला सेलुद और सेजेस सेलुद केंद्रों में परीक्षार्थियों के उत्साह की सराहना की गई और केंद्राध्यक्षों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

इस मूल्यांकन में विशेष रूप से उन शिक्षार्थियों को शामिल किया गया, जो अब तक पोर्टल पर दर्ज नहीं थे, जिन्हें पहले ‘सुधार की आवश्यकता’ श्रेणी में रखा गया था या जो कृपांक से उत्तीर्ण हुए थे। इसका उद्देश्य उनके शैक्षिक स्तर को और अधिक मजबूत करना था।

इस आयोजन की सफलता में पाटन कंट्रोल रूम के कर्मचारियों, केंद्राध्यक्षों, पर्यवेक्षकों और स्वयंसेवकों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। साथ ही स्थानीय जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और प्रेरकों ने घर-घर जाकर लोगों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाने में सक्रिय सहयोग दिया।

विकासखंड शिक्षा कार्यालय के अनुसार, सफल परीक्षार्थियों को साक्षरता प्रमाण-पत्र प्रदान किए जाएंगे। इस अभियान का मुख्य उद्देश्य पाटन को पूर्णतः साक्षर बनाकर समाज के हर वर्ग को सशक्त करना है। यह पहल अब एक जन-आंदोलन का रूप ले चुकी है, जो ‘साक्षर पाटन, सशक्त पाटन’ के लक्ष्य की ओर तेजी से आगे बढ़ रही है।


Related Articles