Chhattisgarh News: रायपुर: छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने बुधवार को बलौदा बाजार में आयोजित कार्यक्रम में दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना के तहत राज्य के 4.95 लाख से अधिक भूमिहीन कृषकों के खातों में 495 करोड़ रुपये से अधिक की राशि भेजी। इस दौरान सीएम ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की गारंटी के तहत किए गए वादों को सरकार तेजी और पारदर्शिता के साथ पूरा कर रही है।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना का उद्देश्य केवल वित्तीय सहायता प्रदान करना ही नहीं है। इसका लक्ष्य भूमिहीन परिवारों की आय बढ़ाना, उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने के लिए सशक्त बनाना और उन्हें सामाजिक मुख्यधारा से जोड़ना है।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री साय ने प्रधानमंत्री आवास योजना के लाभार्थियों को प्रतीकात्मक रूप से गृह प्रवेश कराते हुए मकानों की चाबियां भी सौंपीं। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में 18 लाख से अधिक आवास स्वीकृत किए जा चुके हैं, जिससे हजारों परिवारों के जीवन में स्थायित्व और सुरक्षा की भावना पैदा हुई है।

