CG News: रायपुर में सात दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण का शुभारंभ, युवाओं को नियमित योग अपनाने की प्रेरणा

CG News: रायपुर में सात दिवसीय योग शिक्षक प्रशिक्षण का शुभारंभ, युवाओं को नियमित योग अपनाने की प्रेरणा

रायपुर। छत्तीसगढ़ योग आयोग के अध्यक्ष रूपनारायण सिन्हा ने कहा है कि योग भारत की प्राचीन एवं वैज्ञानिक परंपरा है, जिसे ऋषि-मुनियों ने गहन शोध और अनुभव के आधार पर विकसित किया। उन्होंने बताया कि जीव-जंतुओं और वनस्पतियों के स्वाभाविक व्यवहार के अध्ययन से विभिन्न योग आसनों की रचना की गई, जो आज भी मानव जीवन को शारीरिक और मानसिक रूप से सशक्त बनाने में उपयोगी सिद्ध हो रहे हैं।

वे रावतपुरा सरकार यूनिवर्सिटी में आयोग एवं विश्वविद्यालय के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित सात दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण एवं योग प्रशिक्षण कार्यक्रम के शुभारंभ समारोह को संबोधित कर रहे थे।

अध्यक्ष सिन्हा ने विद्यार्थियों को शिक्षा के साथ नियमित योगाभ्यास अपनाने की प्रेरणा देते हुए कहा कि आज के युवाओं के लिए मानसिक संतुलन, एकाग्रता और सकारात्मक सोच अत्यंत आवश्यक है, जिसे योग के माध्यम से सहज रूप में प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने राष्ट्रसेवा और राष्ट्रप्रेम को जीवन का सर्वोच्च आदर्श बताते हुए भावी शिक्षकों से स्वस्थ, अनुशासित और संस्कारित समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।

कार्यक्रम की शुरुआत में विश्वविद्यालय प्रबंधन ने मुख्य अतिथि का पुष्पगुच्छ, शाल और पौधा भेंटकर स्वागत किया। इसके बाद भारतीय परंपरा के अनुसार मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर प्रशिक्षण कार्यक्रम का औपचारिक शुभारंभ किया गया।

यह सात दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षाशास्त्र संकाय अंतर्गत बी.एड. तृतीय सेमेस्टर में अध्ययनरत 289 विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया है। कार्यक्रम का उद्देश्य भावी शिक्षकों को योग की सैद्धांतिक एवं व्यावहारिक जानकारी प्रदान कर उन्हें विद्यालय स्तर पर योग शिक्षण के लिए सक्षम बनाना है।


Related Articles