CG News: आरंग विधानसभा को मिलेगी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात, 6 जुलाई के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम की मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने की समीक्षा

CG News: आरंग विधानसभा को मिलेगी करोड़ों के विकास कार्यों की सौगात, 6 जुलाई के लोकार्पण-भूमिपूजन कार्यक्रम की मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने की समीक्षा

Chhattisgarh Latest News: रायपुर। आरंग विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति देने के उद्देश्य से 6 जुलाई को नगर पंचायत समोदा में करोड़ों रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और भूमिपूजन का भव्य समारोह आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर कैबिनेट मंत्री एवं आरंग विधायक गुरु खुशवंत साहेब ने शुक्रवार को रायपुर के सिविल लाइन स्थित सर्किट हाउस में अधिकारियों की उच्च स्तरीय समीक्षा बैठक ली।

बैठक में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय समेत अन्य वरिष्ठ जनप्रतिनिधियों की प्रस्तावित मौजूदगी को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था, प्रोटोकॉल, बैठक व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और अन्य तैयारियों की विस्तृत समीक्षा की गई। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम को गरिमामय, सुव्यवस्थित और ऐतिहासिक बनाने के लिए सभी व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं।

उन्होंने आयोजन स्थल पर वाटरप्रूफ डोम, निर्बाध बिजली एवं पेयजल आपूर्ति, वीआईपी मूवमेंट की सुचारू व्यवस्था तथा आम लोगों के बैठने और आवागमन के लिए पर्याप्त इंतजाम सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए निर्धारित समय-सीमा में तैयारियां पूरी करने को कहा।

बैठक के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि “आरंग विधानसभा क्षेत्र की जनता से किया गया विकास का हर वादा हमारी प्राथमिकता है। 6 जुलाई को समोदा में आयोजित होने वाला यह कार्यक्रम क्षेत्र के विकास में एक नया मील का पत्थर साबित होगा। जनसेवा और क्षेत्र का सर्वांगीण विकास ही हमारा एकमात्र संकल्प है।”

उन्होंने लोक निर्माण विभाग (PWD), विद्युत विभाग और स्थानीय प्रशासन को समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए। वहीं पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए विस्तृत रूट प्लान तैयार करने को कहा गया, ताकि आम नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बताया जा रहा है कि इस आयोजन के दौरान आरंग विधानसभा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे, शिक्षा, स्वास्थ्य, पेयजल और अन्य जनहित से जुड़ी कई महत्वपूर्ण विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और भूमिपूजन किया जाएगा। इससे क्षेत्र में विकास कार्यों को नई गति मिलने के साथ लोगों को बेहतर सुविधाओं का लाभ मिलेगा। समीक्षा बैठक में विभिन्न विभागों के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, पुलिस प्रशासन के आला अधिकारी तथा विभागीय प्रमुख मौजूद रहे।


Related Articles