Surajpur Police Action News सूरजपुर। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर चौकी बसदेई पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट के एक मामले में फरार आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार 25 जनवरी 2026 को चौकी बसदेई पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए स्विफ्ट कार क्रमांक सीजी 11 बीडी 8383 में सवार दो आरोपियों को पकड़ा था। उस दौरान कटघोरा जिला कोरबा निवासी मुकेश कंवर और योगेश कंवर उर्फ सोनू के कब्जे से 10 किलो 850 ग्राम गांजा, जिसकी कीमत करीब 2 लाख 50 हजार रुपये बताई गई, बरामद किया गया था। पुलिस ने गांजा और परिवहन में प्रयुक्त कार को जब्त कर आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया था।
मामले में एक अन्य आरोपी नीतीश प्रकाश दीवान फरार चल रहा था। फरार आरोपी की जल्द गिरफ्तारी के लिए डीआईजी एवं एसएसपी सूरजपुर प्रशांत कुमार ठाकुर ने पुलिस टीम को निर्देश दिए थे। इसके बाद चौकी बसदेई पुलिस लगातार आरोपी की तलाश में जुटी हुई थी। इसी दौरान मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने फरार आरोपी नीतीश प्रकाश दीवान पिता महेश दास, उम्र 25 वर्ष, निवासी चोटिया थाना बांगो तथा वर्तमान निवासी टेगी पूरा कटघोरा जिला कोरबा को पकड़ लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया, जिसके बाद पुलिस ने उसे विधिवत गिरफ्तार कर लिया।
इस पूरी कार्रवाई में चौकी प्रभारी बसदेई योगेन्द्र जायसवाल, आरक्षक देवदत्त दुबे, रामकुमार सिंह, दिलीप साहू, शिवराज शाह तथा सैनिक अनिल विश्वकर्मा की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

