CG News: सीएम साय बलौदाबाजार में पांच लाख भूमिहीनों को देंगे 500 करोड़ की सौगात, जानें किसे मिलेगा लाभ

CG News: सीएम साय बलौदाबाजार में पांच लाख भूमिहीनों को देंगे 500 करोड़ की सौगात, जानें किसे मिलेगा लाभ

CM Vishnu Deo Sai News: रायपुर। छत्तीसगढ़ में ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में एक बड़ा कदम उठाते हुए राज्य सरकार ‘दीनदयाल उपाध्याय भूमिहीन कृषि मजदूर कल्याण योजना’ के तहत लाखों भूमिहीन कृषि मजदूरों को आर्थिक सहायता देने जा रही है। इस वर्ष 4 लाख 95 हजार 965 हितग्राहियों के खातों में प्रति व्यक्ति 10 हजार रुपये सीधे ट्रांसफर किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय 25 मार्च को बलौदाबाजार से इस राशि का ऑनलाइन वितरण करेंगे। इसके लिए राज्य सरकार ने कुल 495 करोड़ 96 लाख 50 हजार रुपये का प्रावधान किया है।

इस योजना की खास बात इसका समावेशी स्वरूप है। इस वर्ष लाभार्थियों की सूची में 22,028 बैगा और गुनिया परिवार भी शामिल किए गए हैं, जो राज्य की पारंपरिक और सांस्कृतिक विरासत के संवाहक माने जाते हैं। सरकार का उद्देश्य इन समुदायों को मुख्यधारा से जोड़ते हुए उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

गौरतलब है कि वर्ष 2025 में भी इस योजना के तहत 5,62,112 हितग्राहियों को 10 हजार रुपये के हिसाब से 562 करोड़ से अधिक की राशि वितरित की गई थी। पहले यह सहायता राशि 7 हजार रुपये थी, जिसे बढ़ाकर अब 10 हजार रुपये प्रति वर्ष कर दिया गया है।

सरकार का लक्ष्य है कि भूमिहीन परिवारों को नियमित आर्थिक सहायता मिल सके, जिससे वे शिक्षा, स्वास्थ्य और दैनिक जरूरतों को बिना कर्ज के पूरा कर सकें। यह योजना ‘अंत्योदय’ की भावना को साकार करते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की पहुंच सुनिश्चित कर रही है।


Related Articles