कोंडागांव। छत्तीसगढ़ के कोंडागांव में महिला बस्तर फाइटर की लाश फंदे से लटकती मिली है। मृतिका का नाम साक्षी पटेल है, जो केशकाल थाने में आरक्षक के पद पर पदस्थ थी। बुधवार सुबह उसका शव शासकीय हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी स्थित घर में लटका मिला।
जानकारी के मुताबिक, केशकाल के हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी मृतिका अकेली रहती थी। बुधवार सुबह महिला आरक्षक ने लंबे समय तक दरवाजा नहीं खोला। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजे को तोड़ा। अंदर साक्षी की लाश कपड़े के फंदे से पंखे से लटकी मिली।
बताया जा रहा है कि, मृतिका साक्षी 5 साल पहले बस्तर फाइटर में भर्ती हुई थी। 1 जुलाई मंगलवार को उसने सुबह 5 बजे से 2 बजे तक की ड्यूटी की थी। इसके बाद उसकी नाइट ड्यूटी (रात 10 से सुबह 5 बजे) लगी थी, लेकिन वह नहीं थाने नहीं गई। सुबह जब लोगों ने देखा तो वह सुसाइड कर चुकी थी।
पुलिस विभाग के कर्मियों को 5 हाउसिंग बोर्ड के आवास मिले हैं। इनमें से एक में साक्षी रहती थी। बता दें कि, साक्षी के पिता नारायणपुर में पुलिस में हवलदार के पद पर पदस्थ है। मूल रूप से इनका परिवार मध्यप्रदेश के रीवा का रहने वाला है।
थाना प्रभारी केसकाल ज्ञानेंद्र सिंह चौहान के अनुसार सुबह शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया है। आत्महत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।