Chhattisgarh News: रायपुर। छत्तीसगढ़ के राज्यपाल रमेन डेका ने शिक्षा के क्षेत्र में डिजिटल तकनीक को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल करते हुए बस्तर जिले के सुदूर वनांचल क्षेत्र दरभा विकासखंड स्थित स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा (चिंगपाल) को 10 कंप्यूटर उपलब्ध कराए हैं। ये कंप्यूटर राज्यपाल के स्वेच्छानुदान मद से प्रदान किए गए हैं।
राजभवन (लोकभवन) में आयोजित कार्यक्रम में राज्यपाल रमेन डेका ने विद्यालय प्रबंधन को औपचारिक रूप से कंप्यूटर सौंपे। इस पहल से वनांचल क्षेत्र के विद्यार्थियों को आधुनिक डिजिटल शिक्षा और सूचना प्रौद्योगिकी (आईटी) से जुड़ने का बेहतर अवसर मिलेगा।
कंप्यूटरों की उपलब्धता से छात्र-छात्राएं कंप्यूटर संचालन, डिजिटल लर्निंग और तकनीकी कौशल का प्रशिक्षण प्राप्त कर सकेंगे। इससे आदिवासी एवं ग्रामीण अंचलों के बच्चों को भी आधुनिक शिक्षा की मुख्यधारा से जुड़ने में मदद मिलेगी और उनके ज्ञान व कौशल का विकास होगा।
राज्यपाल की इस पहल को डिजिटल इंडिया अभियान को मजबूत करने की दिशा में एक अहम कदम माना जा रहा है। इससे बस्तर के दूरस्थ क्षेत्रों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक तक पहुंच मिलेगी और वे भविष्य की प्रतिस्पर्धी दुनिया के लिए बेहतर ढंग से तैयार हो सकेंगे।
इस अवसर पर विधायक पुरंदर मिश्रा, राज्यपाल के सचिव डॉ. सी.आर. प्रसन्ना, उप सचिव निधि साहू तथा स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मांझीगुडा (बस्तर) के प्राचार्य सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

