CG Naxal Encounter : बीजापुर में बड़ा नक्सल ऑपरेशन, एनकाउंटर में 12 नक्सली ढेर, 3 जवान शहीद

CG Naxal Encounter : बीजापुर में बड़ा नक्सल ऑपरेशन, एनकाउंटर में 12 नक्सली ढेर, 3 जवान शहीद

CG Naxal Encounter : बीजापुर जिले में सुरक्षा बलों की बड़ी कार्रवाई सामने आई है। सुरक्षा बलों के साथ मुठभेड़ में 12 नक्सली मारे गए हैं। बस्तर के IG पी. सुंदरराज ने बताया कि CRPF और CoBRA टीमों का संयुक्त ऑपरेशन बीजापुर-दंतेवाड़ा सीमा पर वेस्ट बस्तर डिवीजन एरिया में हुआ। नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में 3 जवान शहीद हो गए जबकि 1 अन्य घायल हो गया। सुरक्षा बलों की एक जॉइंट टीम नक्सलियों के खिलाफ ऑपरेशन पर निकली थी। जंगल में सुबह के वक्त नक्सलियों ने गोलीबारी शुरू कर दी। फिर सुरक्षा बल के जवानों ने भी मोर्चा संभाल लिया।

खुफिया इनपुट पर एक्शन

एक अधिकारी ने बताया कि बीजापुर जिले में पश्चिम बस्तर डिवीजन के जंगल में नक्सलियों की गतिविधियां देखे जाने की खुफिया जानकारी मिली थी। इसके बाद सुरक्षा बलों की ज्वाइंट टीम को मौके पर रवाना किया गया था। जैसे ही सुरक्षा बलों की टीम घने जंगल में पहुंची। नक्सलियों की ओर से भीषण गोलीबारी शुरू हो गई। सुरक्षा बलों ने भी फौरन मोर्चा संभाल लिया।

भीषण गोलीबारी, 12 नक्सली ढेर, 3 जवान भी शहीद

अधिकारी ने आगे बताया कि दोनों तरफ से भीषण गोलीबारी होने लगी। इस मुठभेड़ में अब तक 12 नक्सलियों के मारे जाने की खबर है। हालांकि सुरक्षा बलों के 3 जवान भी शहीद हुए हैं। ऑपरेशन में डिस्ट्रिक्ट रिजर्व गार्ड यानी डीआरजी और स्पेशल टास्क फोर्स (राज्य पुलिस की दोनों यूनिटें) और CoBRA (कमांडो बटालियन फॉर रेजोल्यूट एक्शन- CRPF की एलीट यूनिट) के जवान शामिल रहे।

डीआरजी के 2 जवान घायल

अधिकारी ने बताया कि मुठभेड़ में डीआरजी के 2 जवान घायल भी हुएं हैं जिसको इलाज के लिए ले जाया गया है। मुठभेड़ वाली जगह से कुल 12 नक्सलियों की लाशें बरामद की गई हैं। मौके से SLR, INSAS और 303 राइफलें बरामद की गई हैं। शहीदों में सभी DRG बीजापुर के जवान हैं। वीरगति पाने वालों में प्रधान आरक्षक मोनू वडाड़ी, आरक्षक दुकारू गोंडे, जवान रमेश सोड़ी शामिल हैं। बीजापुर डीआरजी के 2 घायल जवानों की हालत खतरे से बाहर बताई जाती है।

इस साल 275 नक्सली ढेर

सर्च ऑपरेशन जारी है। अतिरिक्त टीमें भेजी गई हैं। इस साल अब तक छत्तीसगढ़ में अलग-अलग मुठभेड़ में 275 नक्सली मारे जा चुके हैं। इनमें से 239 बस्तर डिवीजन में ही मारे गए हैं। बस्तर डिवीजन में बीजापुर और दंतेवाड़ा समेत 7 जिले आते हैं। 27 नक्सली गरियाबंद जिले में मारे गए हैं यह रायपुर डिवीजन में आता है। दुर्ग डिवीजन के मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी जिले में इस साल 2 नक्सली मारे जा चुके हैं।

Read More : Single Papa: सिंगल फादर बन ओटीटी पर लौट रहे कुणाल खेमू, रिलीज किया अपनी फिल्म का ट्रेलर


Related Articles