Chhattisgarh Durg News: दुर्ग। भारत स्काउट्स एवं गाइड्स छत्तीसगढ़, जिला संघ दुर्ग के वार्षिक कार्यक्रम के तहत विकासखंड पाटन में चार दिवसीय तृतीय सोपान स्काउट-गाइड जांच शिविर का आयोजन स्वामी आत्मानंद कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, पाटन में 27 से 30 जुलाई तक किया गया। शिविर का समापन सर्वधर्म प्रार्थना के साथ हुआ।
विकासखंड सचिव एवं सहायक शिविर संचालक ललित कुमार बिजौरा ने बताया कि शिविर में मगरघटा, अखरा पाटन, सिपकोना, कन्या सेलूद, बालक सेलूद, कन्या पाटन, गबदी, दीपशिखा उतई, भनसूली, उरला और धौंराभाठा सहित विभिन्न विद्यालयों के 49 स्काउट्स, 47 गाइड्स, 8 संचालक मंडल सदस्य और 4 सर्विस रोवर-रेंजर शामिल हुए।
चार दिनों तक प्रतिभागियों को स्काउट-गाइड के मूलभूत सिद्धांत, नियम, प्रतिज्ञा, प्रार्थना गीत, झंडा गीत, आदर्श वाक्य, ध्वज शिष्टाचार, प्राथमिक उपचार, सैल्यूट, बाएं हाथ से अभिवादन, बीपी का इतिहास, गणवेश, पायोनियरिंग, नॉट, हिच, लेसिंग, प्रोजेक्ट और स्ट्रेचर निर्माण का प्रशिक्षण दिया गया तथा उनका मूल्यांकन भी किया गया।
समापन समारोह में नगर पंचायत अध्यक्ष योगेश निक्की भाले मुख्य अतिथि रहे। कार्यक्रम में पार्षद एवं एसएमडीसी अध्यक्ष निशा सोनी, नगर पंचायत सभापति केवलचंद देवांगन, सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप कुमार महिलांगे और प्राचार्य पी.एल. सिन्हा विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। अतिथियों का स्काउटिंग परंपरा के अनुसार स्कार्फ, वॉगल और गुलाब का फूल भेंटकर स्वागत किया गया।
अपने संबोधन में योगेश निक्की भाले ने कहा कि स्काउटिंग अनुशासन के साथ जीवन जीने की कला सिखाती है। उन्होंने बच्चों को लक्ष्य निर्धारित कर निरंतर मेहनत करने का संदेश देते हुए कहा कि स्पष्ट लक्ष्य और समर्पण से सफलता निश्चित रूप से मिलती है।
निशा सोनी ने अपने छात्र जीवन के अनुभव साझा करते हुए कहा कि स्काउटिंग ने उन्हें राष्ट्रीय स्तर तक पहुंचने का अवसर दिया और सीमित संसाधनों में बेहतर कार्य करना सिखाया। केवलचंद देवांगन ने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ स्काउट-गाइड गतिविधियों से जुड़ने के लिए प्रेरित किया।
प्रदीप कुमार महिलांगे ने कहा कि स्काउट-गाइड के विद्यार्थी सेवाभाव की मिसाल होते हैं और शैक्षिक व सामाजिक गतिविधियों में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। उन्होंने सभी विद्यालयों में स्काउट-गाइड दलों के संचालन पर जोर दिया। वहीं पी.एल. सिन्हा ने शिविर आयोजन के लिए जिला एवं विकासखंड टीम का आभार जताते हुए स्काउटिंग को अच्छे नागरिक निर्माण का प्रभावी माध्यम बताया।
इस अवसर पर तृतीय सोपान जांच शिविर में सफल प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। शिविर का प्रतिवेदन एवं स्वागत भाषण बालक दास राउत ने प्रस्तुत किया। कार्यक्रम का संचालन ललित कुमार बिजौरा ने तथा आभार प्रदर्शन चंचल द्विवेदी ने किया। समापन अवसर पर स्काउट-गाइड के बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं और शिविर के अनुभव साझा किए। अंत में सर्वधर्म प्रार्थना के साथ चार दिवसीय शिविर का समापन हुआ।
शिविर के सफल आयोजन में बालक दास राउत, ललित कुमार बिजौरा, मोहन लाल साहू, कल्पना शुक्ला, ममता राजपूत, चंचल द्विवेदी, अन्नपूर्णा रामटेके तथा सर्विस रोवर-रेंजर सुनील कुमार डहरिया, जतिन वर्मा, खुशी साहू और नाव्या साहू का विशेष योगदान रहा। कार्यक्रम का आयोजन जिला अध्यक्ष सह राज्य आयुक्त (रोवर) अशोक देशमुख, जिला उपाध्यक्ष सुनीता संजय बोहरा, जिला मुख्य आयुक्त जीत यादव, जिला शिक्षा अधिकारी एवं पदेन जिला आयुक्त स्काउट अरविंद मिश्रा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी ढालेंद्र देवांगन तथा सहायक विकासखंड शिक्षा अधिकारी प्रदीप महिलांगे के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।

