CG Balrampur News: बलरामपुर। छत्तीसगढ़ के बलरामपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। कुसमी के एसडीएम और उनकी टीम पर तीन ग्रामीणों से मारपीट का आरोप लगा है। परिजनों का दावा है कि घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई, जबकि दो अन्य घायल हैं। पुलिस ने एसडीएम करुण डहरिया समेत चार लोगों को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार घटना 15 फरवरी की रात करीब 8 से 9 बजे के बीच की है। बताया जा रहा है कि एसडीएम करुण डहरिया अपनी टीम के साथ अवैध माइनिंग की सूचना पर हंसपुर गांव पहुंचे थे। इसी दौरान सरना स्थल के पास तीन ग्रामीणों से उनकी मुलाकात हुई। आरोप है कि अधिकारियों ने उन्हें रास्ते में रोककर मारपीट की, जिससे एक ग्रामीण की मौत हो गई।
वहीं ग्रामीणों ने IBC24 से बातचीत में बताया कि वे गेहूं के खेत में पानी लगाकर लौट रहे थे और उनका अवैध खनन या किसी अन्य गतिविधि से कोई संबंध नहीं है। उनका कहना है कि वे केवल खेती-किसानी करते हैं।
इलाके में तनाव, आदिवासी समाज में आक्रोश
घटना के बाद पूरे इलाके में तनाव की स्थिति है। एहतियातन पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। सर्व आदिवासी समाज के लोगों ने एकजुट होकर घटना की निंदा की है और दोषी अधिकारियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच और पूरी जानकारी सार्वजनिक करने की मांग की है।
पुलिस फिलहाल मामले में आधिकारिक बयान देने से बच रही है। इधर एसडीएम करुण डहरिया पहले भी विवादों में रहे हैं और उन पर पूर्व में रिश्वत लेने के आरोप लग चुके हैं। ताजा घटना के बाद उनकी कार्यशैली और प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की गंभीरता को देखते हुए प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गई है।

