Chhattisgarh Korba News: कोरबा। पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की जीत के बाद कोरबा जिले में कार्यकर्ताओं ने उत्साहपूर्वक जश्न मनाया। उद्योग मंत्री लखन लाल देवांगन के नेतृत्व में वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ता टीपी नगर चौक पर एकत्र हुए और जीत की खुशी जाहिर की।
टीपी नगर चौक पर जश्न का माहौल
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने चौक पर आतिशबाजी की और पटाखे फोड़कर जीत का उत्सव मनाया। साथ ही आम नागरिकों के बीच मिठाई और झालमुड़ी बांटकर खुशी साझा की। बड़ी संख्या में मौजूद कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को बधाई दी और पार्टी की सफलता पर हर्ष व्यक्त किया।
जनादेश को बताया विश्वास की जीत
कैबिनेट मंत्री लखन लाल देवांगन ने कहा कि पश्चिम बंगाल, असम और पुडुचेरी में मिला जनादेश केवल राजनीतिक सफलता नहीं, बल्कि जनता के विश्वास, आशाओं और आकांक्षाओं की सशक्त अभिव्यक्ति है। उन्होंने कहा कि जनता ने तुष्टिकरण और नकारात्मक राजनीति को नकारते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व और विकसित भारत के संकल्प पर भरोसा जताया है।
संगठन और नेतृत्व की भूमिका अहम
मंत्री देवांगन ने इस जीत का श्रेय प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व और ‘सबका साथ, सबका विकास’ के संकल्प को दिया। साथ ही गृहमंत्री अमित शाह, पार्टी के राष्ट्रीय नेतृत्व, मजबूत संगठनात्मक ढांचे और कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम को इस सफलता का प्रमुख कारण बताया।

