सूरजपुर में मवेशी तस्करी का भंडाफोड़, चंदौरा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, पिकअप वाहन से पशु बरामद

सूरजपुर में मवेशी तस्करी का भंडाफोड़, चंदौरा पुलिस ने दो आरोपियों को किया गिरफ्तार, पिकअप वाहन से पशु बरामद

Surajpur Cattle Smuggling सूरजपुर जिले में अवैध मवेशी तस्करी के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है, जहां चंदौरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर करीब डेढ़ लाख रुपये कीमत के मवेशियों को जब्त किया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर अंकुश लगाने के तहत की गई है।

जानकारी के मुताबिक 16 मार्च 2026 को चंदौरा थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक पिकअप वाहन में मवेशियों को अवैध रूप से क्रूरता पूर्वक भरकर अंबिकापुर से उत्तरप्रदेश की ओर ले जाया जा रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने तत्काल चंदौरा चौक में नाकाबंदी कर संदिग्ध वाहन को रोका और जांच की।

पुलिस ने जब वाहन की तलाशी ली तो उसमें चार जीवित और एक मृत भैंसा पाया गया। वाहन में सवार दो व्यक्तियों की पहचान भूप सिंह (22) निवासी फिरोजपुर थाना बिसौली जिला बदायूं, उत्तरप्रदेश और वसीम (20) निवासी खैरी थाना बिल्सी जिला बदायूं, उत्तरप्रदेश के रूप में हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों से मवेशियों के परिवहन और बिक्री से संबंधित दस्तावेज मांगे, लेकिन वे कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।

इसके बाद पुलिस ने पिकअप वाहन को जब्त करते हुए मवेशियों को अपने कब्जे में लिया और आरोपियों के खिलाफ पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11(1)(घ) तथा छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6 और 10 के तहत मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी लक्ष्मण सिंह धुर्वे, एएसआई नीलकुसुम बेक सहित पुलिस टीम की सक्रिय भूमिका रही। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि अवैध गतिविधियों में संलिप्त लोगों के खिलाफ इसी तरह सख्त कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।

Read More : भीषण गर्मी में दोपहर परीक्षा के फैसले पर NSUI का विरोध, सूरजपुर में अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर सुबह पाली में परीक्षा कराने की मांग


Related Articles