Bhatagaon Illegal Plotting Bulldozer Action राजधानी के भाठागांव इलाके में अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ नगर निगम और जिला प्रशासन ने एक बार फिर सख्त कार्रवाई की है। रविवार 15 मार्च की सुबह अधिकारियों की टीम ने भाठागांव स्थित ‘शंकरा विहार’ नाम से विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी पर पहुंचकर बुलडोजर चलाया और प्लॉट तक जाने वाली सड़कों को जेसीबी से उखाड़ दिया। अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की जांच के बाद संबंधित आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
जानकारी के अनुसार नगर निगम और जिला प्रशासन की टीम ने इससे पहले 9 मार्च 2026 को भी इस कॉलोनी पर कार्रवाई की थी। उस समय जोन-6 के कमिश्नर हितेंद्र यादव के निर्देश पर करीब एक एकड़ जमीन पर बनाई गई सड़क को बुलडोजर से हटाया गया था और आरोपियों को नियमों का पालन करने की चेतावनी भी दी गई थी। इसके बावजूद आरोपियों ने निर्देशों की अनदेखी करते हुए प्लॉट तक पहुंचने के लिए दोबारा सड़क बना दी। इसकी जानकारी मिलने पर रविवार को फिर से कार्रवाई करते हुए अवैध रूप से बनाई गई सड़क को हटा दिया गया।
नगर निगम अधिकारियों के अनुसार हल्का नंबर 105/60 के अंतर्गत आने वाले खसरा नंबर 940/1, 940/2, 940/4, 940/8, 940/9, 940/10, 941/1, 941/2, 941/3, 944/1 और 944/2 की लगभग 5 एकड़ जमीन पर बिना किसी वैधानिक अनुमति के अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी।
जोन-6 के कमिश्नर हितेंद्र यादव ने बताया कि अवैध प्लॉटिंग करने वालों के खिलाफ दोबारा कार्रवाई की गई है और इसकी जानकारी वरिष्ठ अधिकारियों को दी जाएगी। वहीं रायपुर जिला प्रशासन के नायब तहसीलदार प्रवीण परमार ने बताया कि शंकरा विहार में भरत भूषण सिंह और कौशल सोनकर द्वारा अवैध प्लॉटिंग की शिकायत मिली थी। पहले भी कार्रवाई की गई थी, लेकिन आरोपियों ने दोबारा सड़क बना दी थी। अब फिर से कार्रवाई की गई है और जमीन मालिक तथा संबंधित आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।

