Budget 2026 सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप, बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने बताया मोदी विजन को साकार करने वाला बजट

Budget 2026 सशक्त और आत्मनिर्भर भारत का रोडमैप, बीजेपी विधायक अजय चंद्राकर ने बताया मोदी विजन को साकार करने वाला बजट

धमतरी/कुरुद: केंद्र सरकार द्वारा प्रस्तुत केंद्रीय बजट 2026 को लेकर देशभर में उत्साह का माहौल है। इसी क्रम में धमतरी जिले के कुरुद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने कुरुद में पार्टी कार्यकर्ताओं और प्रबुद्ध नागरिकों के साथ बजट का सीधा प्रसारण देखा। बजट सत्र के दौरान विधायक अजय चंद्राकर कार्यकर्ताओं के साथ टीवी स्क्रीन के सामने मौजूद रहे और वित्त मंत्री द्वारा की गई प्रमुख घोषणाओं का स्वागत किया। बजट प्रसारण के बाद उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए बजट की प्रमुख विशेषताओं और इसके दूरगामी प्रभावों की विस्तार से जानकारी दी।

विधायक अजय चंद्राकर ने बजट 2026 की सराहना करते हुए इसे ‘विकसित भारत’ की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि भारत को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने का स्पष्ट रोडमैप है। उन्होंने बजट में गरीब, मध्यम वर्ग और आम नागरिकों के हित में किए गए प्रावधानों को रेखांकित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य, शिक्षा और मध्यम वर्ग को राहत देने वाले निर्णय आम लोगों के जीवन को बेहतर बनाएंगे। स्वास्थ्य क्षेत्र में नए आयुर्वेद संस्थानों की स्थापना को उन्होंने महत्वपूर्ण पहल बताया।

विधायक चंद्राकर ने कहा कि कृषि और ग्रामीण बुनियादी ढांचे पर दिया गया विशेष जोर छत्तीसगढ़ जैसे कृषि प्रधान राज्य के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा। साथ ही रक्षा और तकनीक के क्षेत्र में आत्मनिर्भरता बढ़ाने के प्रयास युवाओं के लिए रोजगार और नवाचार के नए अवसर सृजित करेंगे। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन को धरातल पर उतारने वाला है। इसमें गांव, गरीब, किसान और युवाओं के सपनों को नई दिशा देने की स्पष्ट रूपरेखा है और यह भारत को दुनिया की तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनाने की दिशा में एक निर्णायक कदम है।

Read More : रायपुर में कारोबारी से उठाईगिरी, खरीदारी करने आए 2 युवकों ने बातों में उलझाया, फिर तीसरा युवक पैसों से भरा बैग लेकर भागा


Related Articles