Chhattisgarh Crime News: दुर्ग। कुम्हारी ग्रामीण क्षेत्र में खारुन नदी किनारे शराब को लेकर हुए विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया, जहां जीजा ने अपने साले की हत्या कर दी। घटना से इलाके में सनसनी फैल गई है।
मिली जानकारी के अनुसार, मृतक घनश्याम यादव (30) और आरोपी गोपी उर्फ गोप सिंह बरिहा (45) दोनों कोमाखान थाना क्षेत्र के ग्राम पल्सीपानी के निवासी थे और कुम्हारी स्थित ईंट भट्टे में मजदूरी करते थे। दोनों रिश्ते में जीजा-साला थे।
बताया जा रहा है कि 8 अप्रैल को दोनों सिलतरा की शराब भट्टी में शराब पीने गए थे। वापस लौटते समय आरोपी ने घनश्याम को 150 रुपये देकर शराब लाने भेजा, लेकिन घनश्याम शराब लेकर अकेले ही पी गया। इसी बात को लेकर आरोपी नाराज था।
अगले दिन 9 अप्रैल को दोनों नहाने के लिए खारुन नदी पहुंचे। इस दौरान घनश्याम शौच के लिए नदी की ओर गया, जहां आरोपी उसके पीछे गया और मेड़ से धक्का देकर गिरा दिया। घनश्याम के बेहोश होने पर आरोपी को शक हुआ कि वह मर गया है। पकड़े जाने के डर से उसने गमछे से गला कसकर उसकी हत्या कर दी।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

