Chhattisgarh Patan News: पाटन। जनपद पंचायत पाटन क्षेत्र क्रमांक-04 के उपचुनाव में निर्वाचित जनपद सदस्य उर्वशी साहू को बधाई एवं शुभकामनाएं देने के लिए भाजपा के अधिकृत प्रत्याशी सुरेंद्र साहू उनके निवास पहुंचे। इस दौरान उन्होंने उर्वशी साहू एवं उनके परिवारजनों से सौहार्दपूर्ण मुलाकात कर लोकतांत्रिक परंपराओं का सम्मान करते हुए उनकी जीत पर हार्दिक शुभकामनाएं प्रेषित कीं।
सुरेंद्र साहू ने कहा कि जनप्रतिनिधि का दायित्व केवल चुनाव जीतने तक सीमित नहीं होता, बल्कि क्षेत्र के सर्वांगीण विकास, गांव-गरीब, किसान, मजदूर, युवा और महिलाओं के उत्थान के लिए निरंतर कार्य करना उसकी प्रमुख जिम्मेदारी होती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि नव निर्वाचित जनपद सदस्य क्षेत्र की जनता की अपेक्षाओं पर खरी उतरेंगी और विकास कार्यों को प्राथमिकता देंगी।
इस अवसर पर सुरेंद्र साहू ने उर्वशी साहू को श्रीमद्भागवत गीता एवं मिठाई भेंट कर शुभकामनाएं दीं। उन्होंने क्षेत्र और ग्राम के विकास के लिए सकारात्मक एवं सहयोगात्मक राजनीति को आगे बढ़ाने का संदेश देते हुए कहा कि लोकतंत्र में चुनाव परिणाम जनमत का सम्मानित निर्णय होता है और जनहित से जुड़े मुद्दों पर सभी को मिलकर कार्य करना चाहिए।
उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान, विकास कार्यों की गति बढ़ाने और जनकल्याण के विभिन्न विषयों पर सभी जनप्रतिनिधि मिलकर कार्य करेंगे। साथ ही क्षेत्र की प्रगति और जनसेवा के लिए हरसंभव सहयोग देने की अपनी प्रतिबद्धता भी दोहराई।
मुलाकात के दौरान उर्वशी साहू के सुपुत्र आर्यन साहू, परिवारजन शरद साहू, सरोज साहू सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई इस भेंट के दौरान सभी ने क्षेत्र के उज्ज्वल भविष्य और विकास के लिए मिलकर कार्य करने का संकल्प व्यक्त किया।

