बिलासपुर लूट कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, 4 अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार

बिलासपुर लूट कांड का खुलासा, पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाशों के पैर में लगी गोली, 4 अंतरराज्यीय लुटेरे गिरफ्तार

बिलासपुर में हुई सनसनीखेज लूट की वारदात का खुलासा उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में हुआ है। मिर्जापुर पुलिस की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए चार अंतरराज्यीय लुटेरों को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान हुई मुठभेड़ में दो बदमाश घायल हो गए। आरोपियों के कब्जे से भारी मात्रा में सोने के आभूषण, नगदी और अवैध हथियार बरामद किए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन में अपराधियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एसओजी, सर्विलांस, थाना अहरौरा और थाना अदलहाट की संयुक्त टीम को सूचना मिली कि छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में लूट की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी लूट का माल लेकर कार से वाराणसी की ओर भाग रहे हैं और उनका लोकेशन अहरौरा क्षेत्र में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने सोनवरसा नहर के पास बैरियर लगाकर चेकिंग शुरू की।

चेकिंग के दौरान सीजी 13 वी 7002 नंबर की कार को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें सवार दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके पास से 1.550 किलोग्राम पीली धातु के आभूषण, दो तमंचे 0.315 बोर, दो जिंदा कारतूस और 46 हजार 100 रुपये नगद बरामद किए गए। पूछताछ में उन्होंने अपने दो अन्य साथियों की जानकारी दी, जिसके बाद पुलिस टीम लखनिया दरी जंगल क्षेत्र में पहुंची और संदिग्धों की घेराबंदी की।

पुलिस के अनुसार, घिरते देख दोनों आरोपियों ने पुलिस पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने नियंत्रित फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगी। घायल अवस्था में उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। उनके पास से 2.218 किलोग्राम सोने के जेवर, एक देशी पिस्टल 0.32 बोर, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और एक लाख रुपये नगद बरामद किए गए।

पूरी कार्रवाई में पुलिस ने कुल 3.8 किलोग्राम से अधिक सोने के आभूषण, 1 लाख 46 हजार 100 रुपये नगद, एक देशी पिस्टल, दो तमंचे और कारतूस बरामद किए हैं। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि 17 फरवरी को उन्होंने बिलासपुर के राजकिशोर नगर थाना क्षेत्र में एक कार को टक्कर मारकर चालक को पिस्टल और हथौड़ी से घायल किया था तथा गाड़ी में रखे आभूषण और नगदी लूटकर फरार हो गए थे।

पुलिस अधीक्षक ने बताया कि सभी आरोपी अंतरराज्यीय गिरोह के सदस्य हैं और उनके आपराधिक इतिहास की जांच की जा रही है। अन्य राज्यों में की गई संभावित वारदातों की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल चारों आरोपियों के खिलाफ थाना अहरौरा में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। पुलिस की इस कार्रवाई को एक बड़े अंतरराज्यीय लूट गिरोह के पर्दाफाश के रूप में महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है।


Related Articles