Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। पश्चिम मध्य रेलवे के भोपाल मंडल के बीना स्टेशन पर तीसरी रेल लाइन की कनेक्टिविटी का काम किया जाएगा। इसके चलते प्री-नॉन इंटरलॉकिंग और नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के दौरान दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे से जुड़ी कई ट्रेनों का परिचालन प्रभावित रहेगा। कुछ ट्रेनें रद्द रहेंगी, जबकि कुछ ट्रेनों को परिवर्तित मार्ग से चलाया जाएगा। वहीं कुछ ट्रेनों का परिचालन सीमित दूरी तक किया जाएगा।
रेलवे के मुताबिक, 14 अक्टूबर को रानी कमलापति से रवाना होने वाली ट्रेन नंबर 22169 रानी कमलापति-सांतरागाछी हमसफर एक्सप्रेस रद्द रहेगी। इसी तरह 15 अक्टूबर को सांतरागाछी से रवाना होने वाली ट्रेन नंबर 22170 सांतरागाछी-रानी कमलापति हमसफर एक्सप्रेस भी रद्द रहेगी।
इसके अलावा 10 अक्टूबर को चलने वाली ट्रेन नंबर 22830 शालीमार-भुज एक्सप्रेस और 13 अक्टूबर को रवाना होने वाली ट्रेन नंबर 22829 भुज-शालीमार एक्सप्रेस का परिचालन परिवर्तित मार्ग से किया जाएगा। यात्रियों को इस दौरान निर्धारित मार्ग में बदलाव के कारण अतिरिक्त समय लग सकता है।
वहीं 6 से 14 अक्टूबर तक बिलासपुर से चलने वाली ट्रेन नंबर 18236 बिलासपुर-भोपाल एक्सप्रेस बीना मालखेड़ी जंक्शन तक ही जाएगी और वहीं समाप्त होगी। इसी तरह 7 से 15 अक्टूबर तक भोपाल से चलने वाली ट्रेन नंबर 18235 भोपाल-बिलासपुर एक्सप्रेस बीना मालखेड़ी जंक्शन से ही प्रारंभ होगी।
रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा की योजना बनाने से पहले अपनी ट्रेन के परिचालन, मार्ग और निर्धारित स्टेशन की जानकारी जरूर जांच लें। तीसरी रेल लाइन की कनेक्टिविटी से जुड़े कार्य के कारण निर्धारित अवधि में ट्रेनों के संचालन में बदलाव रहेगा।

