Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। सिरगिट्टी थाना क्षेत्र में नए थाना प्रभारी के रूप में जिम्मेदारी संभालते ही प्रशिक्षु डीएसपी आकाश चौधरी एक्शन मोड में नजर आए। पदभार ग्रहण करने के दूसरे ही दिन उन्होंने कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाते हुए गुंडे-बदमाशों के ठिकानों पर दबिश दी, फ्लैग मार्च निकाला और सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर माहौल बिगाड़ने वालों के खिलाफ कार्रवाई की।
अभियान के दौरान पुलिस टीम ने सूचीबद्ध बदमाशों और संदिग्ध व्यक्तियों की गतिविधियों की जांच की। पुलिस ने समीर उर्फ बकरा मुंडी और राजू साहू उर्फ चिल्लर के घरों की तलाशी ली तथा उन्हें भविष्य में किसी भी आपराधिक गतिविधि में शामिल न होने की सख्त चेतावनी दी।
पुलिस ने थाना क्षेत्र में फ्लैग मार्च निकालकर आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा भी बढ़ाया। वहीं सार्वजनिक स्थानों पर शराब पीकर शांति व्यवस्था भंग कर रहे तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया। उनके खिलाफ आबकारी अधिनियम और भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 151 के तहत कार्रवाई की गई।
सिरगिट्टी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने और असामाजिक तत्वों पर नकेल कसने के लिए इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

