Chhattisgarh Bilaspur News: बिलासपुर। छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर में देर रात हुए बवाल के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई शुरू कर दी है। दोनों पक्षों के 50 से ज्यादा लोगों के खिलाफ नामजद समेत अन्य आरोपियों पर एफआईआर दर्ज की गई है। पुलिस ने बलवा समेत कई गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया है, जिसमें धारा 307 और 191 भी शामिल है। आरोपियों की पहचान के लिए ड्रोन और सीसीटीवी फुटेज की मदद ली जा रही है। फिलहाल पुलिस का कहना है कि शहर में स्थिति नियंत्रण में है। कलेक्टर और एसएसपी पूरे मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
दरअसल, बीती देर रात शहर में एक मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक हो गया। दोनों पक्षों के बीच जमकर पथराव हुआ, जिसके बाद इलाके में तनाव की स्थिति बन गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। भीड़ को तितर-बितर करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़े गए और पुलिस की ओर से कार्रवाई की गई।
घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह और कलेक्टर संजय अग्रवाल मौके पर पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने देर रात तक घटनास्थल पर रहकर स्थिति का जायजा लिया और पुलिस अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। तनाव को देखते हुए इलाके में बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया।
विवाद के दौरान दोनों पक्षों के दो दर्जन से ज्यादा लोगों के घायल होने की जानकारी सामने आई है। इसके अलावा कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं। हालात को देखते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए अन्य जिलों से भी अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया। रातभर संवेदनशील इलाकों में पुलिस की तैनाती रही।
पुलिस अब घटना में शामिल लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। इसके साथ ही ड्रोन के जरिए भीड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल प्रशासन और पुलिस की टीम पूरे घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए है। शहर में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।

