Bilaspur News : पारिवारिक विवाद में खूनी वारदात, ससुर के ब्लेड हमले से दामाद घायल, सिम्स में भर्ती

Bilaspur News : पारिवारिक विवाद में खूनी वारदात, ससुर के ब्लेड हमले से दामाद घायल, सिम्स में भर्ती

Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। सकरी थाना क्षेत्र के बटालियन रोड में मां-बेटे के बीच हो रहे विवाद को शांत कराने की कोशिश एक युवक को भारी पड़ गई। पत्नी और 12 साल के बेटे को समझाने से नाराज महिला ने अपने मायके में फोन कर पिता को बुला लिया। आरोप है कि महिला के पिता ने पहुंचते ही अपने दामाद के साथ गाली-गलौज की और विरोध करने पर उसके गले पर ब्लेड से हमला कर दिया। घायल शैलेंद्र नवरंग को इलाज के लिए सिम्स में भर्ती कराया गया है।

सकरी के बटालियन रोड निवासी शैलेंद्र नवरंग रोजी-मजदूरी करते हैं। उन्होंने पुलिस को बताया कि रविवार को उनकी पत्नी अपने 12 साल के बेटे को गालियां दे रही थी। इस दौरान बेटा भी अपनी मां को जवाब दे रहा था। घर पहुंचने पर शैलेंद्र ने पत्नी और बेटे को समझाकर विवाद शांत कराया।

अगली सुबह एक बार फिर मां-बेटे के बीच विवाद शुरू हो गया। शैलेंद्र ने दोनों को समझाकर शांत रहने के लिए कहा। इसी बात से नाराज होकर उसकी पत्नी ने मायके में फोन कर अपने पिता रामलोचन बंजारे को बुला लिया।

आरोप है कि रामलोचन बंजारे घर पहुंचते ही अपने दामाद शैलेंद्र को गालियां देने लगा। शैलेंद्र ने इसका विरोध किया तो ससुर ने कथित तौर पर ब्लेड से उसके गले पर हमला कर दिया। हमले में शैलेंद्र गंभीर रूप से घायल होकर लहूलुहान हो गया।

घटना के बाद मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह बीच-बचाव कर शैलेंद्र को बचाया और उसे इलाज के लिए सिम्स पहुंचाया, जहां उसका उपचार जारी है। वहीं महिला ने भी अपने पति के खिलाफ मारपीट की शिकायत पुलिस से की है।

सकरी पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है और दोनों पक्षों के आरोपों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।


Related Articles