Chhattisgarh Bilaspur News : बिलासपुर। जिले के सीपत थाना क्षेत्र में प्रेम संबंध के दौरान हुआ विवाद हत्या में बदल गया। पुलिस के अनुसार, चरित्र को लेकर हुए विवाद में कथित रूप से प्रेमी ने युवती का गला दबाने की कोशिश की, जिसके बाद आत्मरक्षा के दौरान युवती ने भी उसका गला दबा दिया। इससे युवक की मौत हो गई। घटना के बाद युवती शव को घर की बाड़ी में छोड़कर फरार हो गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए आरोपी युवती को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, 29 जुलाई को ग्राम कौड़िया निवासी चंद्रप्रकाश पटेल अपने घर की बाड़ी में मृत मिला। सूचना पर सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और मर्ग कायम कर शव का पंचनामा किया। मामले की जांच के लिए जिला मुख्यालय की सीन ऑफ क्राइम टीम ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।
जांच के दौरान पता चला कि मृतक का पिछले दो वर्षों से ग्राम दर्राभाठा निवासी उर्वशी दास महंत उर्फ चुलबुल दास (30) के साथ प्रेम संबंध था। घटना वाले दिन युवती उससे मिलने उसके घर पहुंची थी। पूछताछ में युवती ने बताया कि उस समय चंद्रप्रकाश शराब के नशे में था और उसने उस पर चरित्र को लेकर आरोप लगाते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और कथित रूप से युवक ने उसका गला दबाने की कोशिश की। युवती का कहना है कि खुद को बचाने के प्रयास में उसने भी युवक का गला दबा दिया, जिससे उसकी मौत हो गई।
घटना के बाद युवती मौके से चली गई। पुलिस ने पूछताछ और साक्ष्यों के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।

