Bilaspur Crime News : बिलासपुर में झाड़-फूंक और अंधविश्वास के नाम पर ठगी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। सीपत थाना क्षेत्र के कुकदा गांव में दो साल पहले एक दंपत्ति ने टोटके के नाम पर घर के लोगों को बाहर भेजकर पेटी से 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर चोरी कर लिए थे। लंबे समय बाद पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, झाड़-फूंक करने के लिए गांव में पहुंचे जनकराम सौंरा और उसकी पत्नी झुनिया बाई ने घर के लोगों को विश्वास में लेकर टोटका करने की बात कही। इसके बाद उन्होंने परिवार के सदस्यों को आंगन में नींबू गाड़ने के बहाने बाहर भेज दिया। इसी दौरान दंपत्ति ने घर के कमरे में रखी पेटी खोलकर उसमें रखे 50 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवरों पर हाथ साफ कर दिया।
चोरी करने के बाद दोनों ने परिवार के लोगों को झांसा देते हुए पेटी में ताला लगवा दिया और कहा कि टोटका पूरा होने तक सुबह से पहले पेटी न खोलें और कमरे में दिया जलाकर रखें। दंपत्ति की बातों में आकर परिवार के लोगों ने रात भर पेटी नहीं खोली। जब अगले दिन सुबह पेटी खोली गई तो उसमें रखे नकद और जेवर गायब मिले। तब तक आरोपी मौके से फरार हो चुके थे। यदि परिवार के लोग उसी रात पेटी खोल लेते तो चोरी का पता तुरंत चल सकता था।
इस मामले में कुकदा के बजरंग चौक निवासी मनीषा कानगो ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, 8 दिसंबर 2023 की रात करीब 11 बजकर 45 मिनट पर ग्राम जाली (रतनपुर) निवासी जनकराम सौंरा और उसकी पत्नी झुनिया बाई झाड़-फूंक करने के बहाने उनके घर पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने 50 हजार रुपये नकद, करीब 40 ग्राम चांदी की पायल, एक तोला बिछिया, एक-एक मासा की दो सोने की फुली और आधा-आधा तोला की दो चांदी की अंगूठियां चोरी कर ली थीं।
सीपत थाना प्रभारी राजेश मिश्रा ने बताया कि घटना दो साल पुरानी है और मामले की लगातार जांच की जा रही थी। जांच के दौरान संदिग्धों की तलाश जारी थी। इसी बीच आरोपी महिला बनियाडीह इलाके में घूमते हुए पुलिस के हाथ लग गई। पुलिस को आशंका है कि वह किसी नए शिकार की तलाश में वहां पहुंची थी।
पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है, जबकि मामले में शामिल उसके पति की तलाश अब भी जारी है। पुलिस का कहना है कि झाड़-फूंक और टोटकों के नाम पर ठगी करने वाले गिरोहों से सतर्क रहने की जरूरत है, क्योंकि ऐसे लोग अंधविश्वास का फायदा उठाकर लोगों को आसानी से अपने जाल में फंसा लेते हैं।
Read More : रायपुर के मौदहापारा में चाकूबाजी, इफ्तारी लेने जा रहे युवकों पर हमला, थाने के बाहर जुटी भारी भीड़

