बिलासपुर में तेज रफ्तार बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दो युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। इस हादसे में एक युवक की मौत हो गई। जबकि, दूसरे की हालत गंभीर है। उसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना सिविल लाइन थाना क्षेत्र की है।
पुलिस के अनुसार मंगलवार की देर रात करीब 12 बजे चुचुहियापारा गणेश नगर निवासी प्रिंस बंजारे (21) अपने दोस्तों के साथ उसलापुर गया था। एक दोस्त को छोड़ने के बाद प्रिंस और अभय (22) वापस पीछे के रास्ते से दिनदयाल कॉलोनी जाने के लिए निकले थे। प्रिंस बाइक चला रहा था। उसके साथ चकरभाठा से आया दोस्त अभय (22) बैठा था। दोनों ने शराब भी पी रखी थी।
डिवाइडर से टकराई बाइक, उछल कर दूर जा गिरे दोनों युवक
युवक सड़क के बीच तेज रफ्तार से फर्राटे मार रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे दोनों युवक बाइक से उछलकर दूर जा गिरे। इस हादसे में बाइक चला रहे प्रिंस के सिर में चोंट लगी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वहीं, अभय गंभीर रूप से घायल पड़ा था।
112 की टीम ने पहुंचाया अस्पताल
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल इस घटना की जानकारी पुलिस के डायल 112 को दी। आरक्षक उन्हें लेकर सिम्स रवाना पहुंचा। लेकिन, प्रिंस ने दम तोड़ दिया था। वहीं उसका दोस्त अभय भी बेहोशी की हालत में था। उसे भी सिर और मुंह में गंभीर चोट आई है। उसकी स्थिति भी नाजुक बताई जा रही है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।
Read More : छत्तीसगढ़ के 7 जिलों के 20 स्थानों पर ACB-EOW की छापेमारी कार्रवाई, पटवारी से RI बने अधिकारियों के घर दी दबिश
