Bijapur News : मलेरिया से छात्र की मौत के बाद गरमाई सियासत, आश्रम में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण की मांग

Bijapur News : मलेरिया से छात्र की मौत के बाद गरमाई सियासत, आश्रम में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण की मांग

Chhattisgarh Bijapur News : बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के जांगला स्थित बालक आश्रम में अध्ययनरत कक्षा पांचवीं के आदिवासी छात्र लश्कर वट्टी की मलेरिया से मौत हो गई। घटना के बाद आश्रम में बच्चों के स्वास्थ्य परीक्षण और आदिवासी क्षेत्रों में स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं। इलाज में देरी को लेकर भी परिजनों और स्थानीय स्तर पर कई सवाल सामने आए हैं।

मामले को लेकर विपक्ष के बीजापुर विधायक विक्रम शाह मंडावी ने सरकार और स्वास्थ्य विभाग पर निशाना साधा है। विधायक ने आदिवासी अंचल में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सरकार के दावों पर सवाल उठाते हुए व्यवस्था में गंभीर लापरवाही और अव्यवस्था के आरोप लगाए हैं।

विधायक मंडावी ने बस्तर को मलेरिया मुक्त किए जाने के दावे पर भी सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि अगर क्षेत्र में मलेरिया की वजह से बच्चों की मौत हो रही है, तो स्वास्थ्य विभाग की तैयारियों, निगरानी और उपचार व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने मलेरिया मुक्त बस्तर के दावे को जमीनी स्थिति के विपरीत बताते हुए सरकार को घेरा।

छात्र की मौत के बाद अब आश्रम में रह रहे अन्य बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर भी चिंता बढ़ गई है। बच्चों की स्वास्थ्य जांच, मलेरिया की रोकथाम और संक्रमित बच्चों को समय पर उपचार उपलब्ध कराने की व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

घटना के बाद प्रशासन की भूमिका भी सवालों के घेरे में है। अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि प्रशासन मामले की जांच कराता है या नहीं और यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो संबंधित जिम्मेदारों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जाती है।


Related Articles