Chhattisgarh Bijapur News: बीजापुर। कलेक्टर विश्वदीप ने मंगलवार को जिला कार्यालय में आयोजित साप्ताहिक समय-सीमा बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, विकास कार्यों और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और पात्र हितग्राहियों को समय पर योजनाओं का लाभ दिलाने के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने समय-सीमा के प्रकरणों की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित मामलों का प्राथमिकता के साथ निराकरण करने को कहा। उन्होंने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर योजनाओं की प्रगति की नियमित निगरानी करने और समस्याओं का विभागीय समन्वय के माध्यम से तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने स्वीकृत कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में पूरा कराने पर जोर दिया। उन्होंने हितग्राहियों से लगातार संपर्क बनाए रखते हुए आवास निर्माण में आ रही बाधाओं का समाधान करने तथा पूर्ण आवासों के हितग्राहियों को पात्रतानुसार अन्य शासकीय योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए।
ग्रामीण क्षेत्रों में संचालित विकास एवं रोजगारमूलक कार्यों की समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने स्थानीय आवश्यकताओं को प्राथमिकता देते हुए कार्यों में तेजी लाने को कहा। उन्होंने निर्माण कार्यों में गुणवत्ता के साथ समयबद्धता बनाए रखने के निर्देश भी दिए।
कलेक्टर ने आश्रम, छात्रावास और आवासीय विद्यालयों में विद्यार्थियों को मिल रही सुविधाओं की नियमित निगरानी करने को कहा। नामजद अधिकारियों को निरीक्षण के दौरान भोजन, पेयजल, स्वच्छता, आवास, विद्युत, सुरक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं की स्थिति की जांच करने के निर्देश दिए गए। विद्यार्थियों की संख्या के अनुरूप आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता सुनिश्चित करने और कमी पाए जाने पर संबंधित विभाग को तत्काल अवगत कराने को कहा गया।
आवासीय संस्थानों के परिसरों में जलभराव और मच्छरों के प्रजनन की स्थिति रोकने के लिए नियमित साफ-सफाई पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि योजनाओं की सफलता केवल कागजी प्रगति से नहीं, बल्कि उनके वास्तविक लाभ से तय होती है। इसलिए अधिकारी नियमित मैदानी भ्रमण कर योजनाओं की स्थिति का आकलन करें और आवश्यकता के अनुसार त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करें।
कलेक्टर विश्वदीप ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ समयबद्ध, पारदर्शी और जवाबदेह तरीके से कार्य करने के निर्देश दिए, ताकि शासन की योजनाओं और विकास कार्यों का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई दे। बैठक में सीईओ जिला पंचायत नम्रता चौबे, अपर कलेक्टर भूपेन्द्र अग्रवाल सहित जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

