Bihar Election Result 2025: बिहार में फिर एनडीए की सरकार! बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी, बिहारियों पर चला मोदी का जादू

Bihar Election Result 2025: बिहार में फिर एनडीए की सरकार! बीजेपी सबसे बड़ी पार्टी, बिहारियों पर चला मोदी का जादू

Bihar Election Result 2025: बिहार विधानसभा चुनाव के लिए वोटों की गिनती जारी है। रुझान और परिणाम में एनडीए की आंधी ने महागठबंधन की जड़ें हिला दी है। अभी तक प्राप्त रुझानों और परिणामों के मुताबिक एनडीए 201 सीटों पर बढ़त बनाए हुए जबकि महागठबंधन 36 सीटों पर आगे है वहीं अन्य-6 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है। मतदान के बाद के लगभग सभी सर्वेक्षणों ने NDA की जीत का अनुमान जताया था। लेकिन जो रुझान और परिणाम आ रहे हैं वो एग्जिट पोल के अनुमानों से कहीं ज्यादा हैं। नतीजों से पहले राजद नेता तेजस्वी यादव ने सरकार बनाने का दावा किया था, हालांकि उनकी पार्टी की हालत खराब ही नजर आ रही है।

हम इस जनादेश को स्वीकार करते हैं-मुकेश सहनी

विकासशील इंसा पार्टी (VIP) प्रमुख मुकेश सहनी ने कहा, ‘हम इस जनादेश को स्वीकार करते हैं और जो जीते हैं-NDA, उनको मैं बधाई देता हूं। माताओं-बहनों का वोट NDA के पक्ष में गिरा है, जिसके कारण उनकी इतनी बड़ी जीत हो रही है। मैं जनादेश का सम्मान करते हुए इसे स्वीकार करता हूं। आने वाले समय में हम और मंथन करेंगे कि विफल होने का क्या कारण है।’ बता दें कि मुकेश सहनी को महागठबंधन ने डिप्टी सीएम का उम्मीदवार घोषित किया था।

बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया: अमित शाह

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक्स पर लिखा-‘मैं बिहार की जनता और विशेषकर हमारी माताओं-बहनों को विश्वास दिलाता हूं कि जिस आशा और विश्वास के साथ आपने NDA को यह जनादेश दिया है, प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में NDA सरकार इसे और भी अधिक समर्पण के साथ पूरा करेगी। बिहार की जनता का एक-एक वोट भारत की सुरक्षा और संसाधनों से खिलवाड़ करने वाले घुसपैठियों और उनके समर्थकों के विरुद्ध मोदी सरकार की नीति में विश्वास का प्रतीक है। वोट बैंक के लिए घुसपैठियों को संरक्षण देने वालों को जनता ने करारा जवाब दिया है। बिहार की जनता ने पूरे देश का मूड बता दिया है कि मतदाता सूची का शुद्धिकरण अनिवार्य है और इसके विरुद्ध राजनीति के लिए कोई जगह नहीं है। इसीलिए, राहुल गांधी के नेतृत्व में, कांग्रेस पार्टी आज बिहार में सबसे निचले पायदान पर पहुच गई है।’

बिहार की जनता ने NDA को आशीर्वाद दिया: विनोद तावड़े

बिहार बीजेपी प्रभारी विनोद तावड़े ने कहा, ‘आज बिहार की जनता ने NDA को आशीर्वाद दिया है। बिहार में NDA की यह जो ऐतिहासिक जीत है, यह प्रधानमंत्री मोदी का जो आग्रह था कि GYAN का विकास यानी- गरीब, युवा, अन्नदाता किसान और नारी, इनके विकास के लिए आप(कार्यकर्ता) काम करते रहो और उसका आशीर्वाद जनता आपको देगी…ऐसी कई योजनाएं हैं जिसमें जाति, धर्म ना देखते हुए सभी लाभार्थियों को उसके लाभ NDA सरकार पहुंचाती रही और आज आशीर्वाद के रूप में उसकी रसीद जनता ने बिहार में दी है।’


Related Articles