छत्तीसगढ़ में जवानों को बड़ी सफलता: 8 महिलाओं समेत 22 नक्सलियों ने किया सरेंडर, कई IED हमलों में थे शामिल

छत्तीसगढ़ में जवानों को बड़ी सफलता: 8 महिलाओं समेत 22 नक्सलियों ने किया सरेंडर, कई IED हमलों में थे शामिल

नारायणपुर। छत्तीसगढ़ में एक बार फिर जवानों को बड़ी सफलता मिली है। एक ओर नक्सलवाद के खिलाफ अभियान जारी है, वहीं दूसरी ओर उनके पुनर्वास की नीति से प्रभावित होकर लगातार नक्सली ग्रुप्स में संगठन छोड़ रहे है। इसी कड़ी में शुक्रवार को आठ महिलाओं समेत 22 नक्सलियों ने सरेंडर किया है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, ये सभी अबूझमाड़ क्षेत्र में सक्रीय थे। इसके साथ ही कई IED हमलों में भी शामिल रहे हैं।

अब तक मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस के लगातार दबाव, मुठभेड़ों में बड़े नक्सली नेताओं के मारे जाने से मुख्यधारा से जुड़ने के लिए 22 नक्सलियों ने आत्मसमर्पण किया। इनमें 8 महिला नक्सली शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि, आज सरेंडर करने वाले सभी नक्सली आमदई, नेलनार और कुतुल एरिया कमेटी में सक्रिय थे।

लंबे समय से संगठन में रहकर आईईडी प्लांट, पुलिस मूवमेंट ट्रेस, जनताना सरकार के विस्तार करने जैसे गतिविधियों में शामिल थे। बता दें कि इस वर्ष अब तक 110 नक्सली सरेंडर कर चुके हैं। इन सभी पर कुल 37,50,000 रुपए का इनाम रखा गया था।

गौरतलब है कि, इससे पहले 8 जुलाई को नक्सल प्रभावित दंतेवाड़ा जिले में 8 लाख रुपये के इनामी नक्सली चंद्रन्ना समेत 12 नक्सलियों ने सुरक्षा बलों के सामने आत्मसमर्पण किया था। इनमें चार महिला नक्सली भी शामिल हैं।

यह आत्मसमर्पण दंतेवाड़ा के पुलिस अधीक्षक (एसपी) गौरव राय की उपस्थिति में लोन वर्राटू (घर वापसी) अभियान के तहत हुआ। इस अभियान के तहत अब तक दंतेवाड़ा में 1,005 नक्सलियों ने हथियार डाले हैं, जिनमें 249 इनामी नक्सली शामिल हैं।


Related Articles