Kharun River Bridge Closed दुर्ग जिले के कुम्हारी स्थित खारुन नदी ब्रिज पर 1 अप्रैल से 30 अप्रैल तक मरम्मत और मेंटेनेंस कार्य किया जाएगा, जिसके चलते पूरे महीने ट्रैफिक डायवर्सन लागू रहेगा। इस दौरान दुर्ग से रायपुर और रायपुर से दुर्ग के बीच चलने वाले हल्के और भारी वाहनों के लिए अलग-अलग वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं, ताकि यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित हो सके और किसी भी प्रकार की अव्यवस्था से बचा जा सके।
इस संबंध में 24 मार्च को सेक्टर-6 भिलाई स्थित पुलिस कंट्रोल रूम में एक अहम बैठक आयोजित की गई, जिसमें दुर्ग पुलिस, जिला प्रशासन, राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, भिलाई स्टील प्लांट और निर्माण एजेंसी के अधिकारी शामिल हुए। बैठक में पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने अधिकारियों को पूरे रूट का निरीक्षण कर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, साथ ही ट्रैफिक प्रबंधन के लिए सभी संबंधित विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां भी सौंपी गईं।
निर्धारित व्यवस्था के तहत दुर्ग से रायपुर एयरपोर्ट, नया रायपुर, मंत्रालय, आरंग और अभनपुर जाने वाले वाहनों को नेवई-उतई-सेलूद-पाटन-अभनपुर मार्ग से होकर गुजरना होगा। वहीं सुपेला, भिलाई, रिसाली और नेवई से रायपुर जाने वाले वाहन उतई-सेलूद-ढौर-औरी-मोतीपुर-अमलेश्वर मार्ग का उपयोग करेंगे। इसके अलावा खुर्सीपार, चरोदा और भिलाई-3 क्षेत्र से रायपुर की ओर जाने वाले वाहन सिरसा गेट, सिरसा खुर्द, औरी, मोतीपुर और अमलेश्वर मार्ग से होकर अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।

नंदिनी, अहिरवारा और कुम्हारी क्षेत्र से रायपुर जाने वाले हल्के वाहनों को कुम्हारी टोल पार कर दाहिने पुल से होकर खारुन नदी ब्रिज से गुजरने की अनुमति दी गई है। वहीं रायपुर से दुर्ग की ओर आने वाले हल्के वाहन भनपुरी, गुढ़ियारी, हीरापुर और टाटीबंध से चंदनीडीह होते हुए पुराने रपटा पुल के जरिए कुम्हारी टोल तक पहुंच सकेंगे। इसके अतिरिक्त रायपुरा से महादेवघाट, अमलेश्वर और मोतीपुर मार्ग का उपयोग कर भी भिलाई-दुर्ग पहुंचा जा सकेगा।
भारी वाहनों के लिए विशेष प्रबंधन लागू किया गया है, जिसके तहत दुर्ग से रायपुर जाने वाले भारी वाहन कुम्हारी टोल पार कर दाहिने पुल से सिंगल लाइन में ब्रिज पार करेंगे। वहीं राजनांदगांव से रायपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को दुर्ग बायपास स्थित बाफना टोल प्लाजा के पास सुबह 8:30 से 10:30 बजे तक रोका जाएगा। भिलाई औद्योगिक क्षेत्र और ट्रांसपोर्ट नगर से निकलने वाले भारी वाहनों के कुम्हारी की ओर जाने पर सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक प्रतिबंध रहेगा।
नंदिनी, अहिरवारा और बेरला क्षेत्र से रायपुर की ओर जाने वाले भारी वाहन मुरमुंदा, ओटेबंध, गुधेली और पठारीडीह होते हुए उरला रिंग रोड नंबर-4 से गुजरेंगे। इसी तरह रायपुर से दुर्ग आने वाले भारी वाहनों को भी सिंगल लाइन के माध्यम से ब्रिज पार करना होगा। महासमुंद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को मंदिर हसौद के पास शाम 5 बजे से रात 8 बजे तक रोका जाएगा, जबकि उरला-सिलतरा और बिलासपुर की दिशा से आने वाले भारी वाहनों को नंदनवन कटिंग के पास इसी समयावधि में नियंत्रित किया जाएगा।
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए निर्माण एजेंसी को ब्रिज के दोनों ओर 24 घंटे वालेंटियर तैनात रखने के निर्देश दिए गए हैं। किसी भी वाहन के खराब होने की स्थिति में तत्काल हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था भी सुनिश्चित की गई है। सिरसा गेट चौक और अमलेश्वर क्षेत्र में भी क्रेन तैनात रहेंगी, ताकि किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
इसके अलावा सभी डायवर्सन प्वाइंट पर रूट मैप और दिशा निर्देश देने वाले फ्लेक्स बोर्ड लगाए जाएंगे, जिससे आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। पुलिस प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे 1 अप्रैल से 30 अप्रैल के बीच कुम्हारी ब्रिज की ओर जाने से बचें और निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का ही उपयोग करें।

